रायगढ़। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के पहाड़ मंदिर रोड स्थित कर्म कुंज आदर्शनगर छोटे अतरमुड़ा में निर्माणाधीन मकान से करीब 50 हजार रुपए कीमत की बिजली वायरिंग चोरी होने का मामला सामने आया है। मकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक कर्म कुंज आदर्शनगर निवासी मकान मालिक की पहाड़ मंदिर रोड पर हार्डवेयर की दुकान है। दुकान से लगे हुए नवनिर्मित मकान का निर्माण कार्य भी उनके द्वारा कराया जा रहा है। मकान में बिजली की वायरिंग का काम पूरा हो चुका था।
मकान मालिक के अनुसार 9 अगस्त की रात करीब 10 बजे उन्होंने निर्माणाधीन मकान में जाकर देखा था। उस समय बिजली वायरिंग के सभी तार और अन्य सामान अपनी जगह पर लगे हुए थे। इसके बाद वह घर लौट गए।
अगले दिन 10 अगस्त की सुबह करीब 6 बजे जब वह दोबारा निर्माणाधीन मकान में पहुंचे तो दीवारों में लगी बिजली की वायरिंग उखड़ी हुई मिली। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोरों ने बिजली वायरिंग बोर्ड से पूरे बिजली के तार निकाल लिए और चोरी कर ले गए।
चोरी गए बिजली के तारों की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है। मकान मालिक ने अपने स्तर पर आसपास काफी तलाश की और चोर का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने 12 अगस्त को चक्रधरनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
16
