नई दिल्ली । बीते कई दिनों से जारी शीतलहर से जल्द ही राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटे में शीतलहर में कमी हो सकती है लेकिन मौसम विभाग ने साथ ही यह भी कहा है कि भारत के उत्तरी और मध्य भाग में 3 से 5 फरवरी के बीच बारिश होने का अनुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि अगले तीन से चार दिन के दौरान उत्तर पश्चिमी और मध्य भारत के ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की पूरी संभावना है। आइएमडी के राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कारण अफगानिस्तान के ऊपर चक्रवात की स्थिति बन रही है, जिसका असर भारत में भी दिखाई देगा।
राजस्थान के ऊपर चक्रवात की स्थिति
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य पाकिस्तान और पश्चिमी राजस्थान के ऊपर भी चक्रवात की स्थिति बनी हुई है। इन बदलाव के कारण उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के ऊपर का मौसम 2 फरवरी की रात से प्रभावित हो सकता है। तीन से पांच फरवरी के दौरान, उत्तर पश्चिमी मैदानी इलाकों और मध्य भारत के ऊपर, दक्षिण पश्चिमी हवाओं, पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिण पूर्वी हवाओं के मिलने की संभावना है।’ जिसके कारण पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश व ओले गिरने की आशंका है। हिमाचल प्रदेश के ऊपर 4 फरवरी को और जम्मू कश्मीर के ऊपर 3 और 4 फरवरी को भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
मैदानी इलाकों में भी हो सकती है बारिश
मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों के ऊपर 3 से 5 फरवरी के दौरान बिजली कड़कने के साथ बारिश हो सकती है। साथ ही ओले गिरने की भी संभावना है। मध्य प्रदेश के ऊपर 4 और 5 फरवरी के दौरान और पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार तथा झारखंड के ऊपर 5 और 6 फरवरी के दौरान बारिश होने की उम्मीद है।
इधर राजधानी दिल्ली की बात करें तो जनवरी के महीने में बहुत अधिक वर्षा रिकॉर्ड नहीं की जाती है, लेकिन इस बार दिल्ली में जनवरी में भारी वर्षा हुई है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के साथ ही भारी बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही दिल्ली में फरवरी के पहले सप्ताह में बारिश होने की संभावना जताई गई है। पंजाब, दिल्ली के कुछ हिस्सों, सहित बिहार, असम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में मध्यम कुहरा रहा। आज से उत्तर-पश्चिमी भारत में ठंडी हवाओं में कमी आने लगेगी।
उत्तर भारत में आज रात से बदलने लगा मौसम
पश्चिमी विक्षोभ के कारण इस सप्ताह उत्तर पश्चिम भारत, मध्य और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की उम्मीद है। एक चक्रवात मध्य पाकिस्तान और पश्चिम राजस्थान के ऊपर मंडरा रहा है, जिसके कारण उत्तर पश्चिम भारत और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में मौसम प्रभावित होने की संभावना है। अलग-अलग बिजली और ओलावृष्टि के साथ मध्यम बारिश या गरज के साथ 3 से 5 फरवरी तक उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में भी बारिश होने की संभावना है।
