कई राज्यों में बढ़ते इस संक्रामक रोग को लेकर अलर्ट, सुनने की क्षमता खो रहे हैं रोगी

by Kakajee News

उत्तर से लेकर दक्षिण तक, देश के कई राज्य इन दिनों तेजी से बढ़ती गंभीर संक्रामक बीमारी से परेशान हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तमिलनाडु-केरल से लेकर राजस्थान, दिल्ली-उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में तेजी से मम्प्स वायरस के कारण होने वाली संक्रामक बीमारी के मामले देखे जा रहे हैं। पैरामाइक्सोवायरस नामक वायरस के समूह के कारण होने वाले इस संक्रामक रोग में पैरोटिड ग्रंथियों में गंभीर और दर्दनाक सूजन हो सकती है। इस संक्रामक रोग के गंभीर दुष्प्रभावों को लेकर भी स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मम्प्स वायरस के मामले अचानक से राजस्थान के कई हिस्सों में बढ़ते हुए देखे गए हैं। जयपुर में इस रोग के गंभीर दुष्प्रभावों की भी खबर है, जहां संक्रमण के शिकार रहे छह लोगों में बहरेपन की समस्या हो गई है। वैसे तो इस वायरल संक्रमण का सबसे ज्यादा असर बच्चों पर देखा जाता रहा है पर ये वयस्कों को भी अपना शिकार बना सकती है।
डॉक्टर्स ने कई शहरों में अलर्ट जारी करते हुए इस संक्रामक रोग से बचाव को लेकर सावधानी बरतने की अपील की है।

दक्षिण के राज्य केरल में फरवरी-मार्च में मम्प्स के मामले तेजी से बढ़ने शुरू हुए थे। मार्च तक की रिपोर्ट के अनुसार कुछ ही महीनों में राज्य में 11 हजार से अधिक केस दर्ज किए गए। इसी तरह तमिलनाडु में मार्च के अंत तक, पिछले साल इसी अवधि की तुलना में 461 लोगों में संक्रमण की पुष्टि की गई है। तमिलनाडु के कई हिस्सों में मम्प्स के साथ-साथ मेसल्स और चिकनपॉक्स के मामलों में भी बढ़ोतरी रिपोर्ट की गई है।

डॉक्टर्स कहते हैं, जहां पहले तीन-चार महीने में एक-दो और सालभर में 10-15 केस ही देखे जाते थे वहीं अब हर महीने 40-50 से मामले सामने आ रहे हैं। बच्चों में यह ज्यादा फैलता रहा है, हालांकि वयस्क भी इसके शिकार पाए जा रहे हैं।

Related Posts