बकायादारों से वसूली के लिए पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी का कुर्की-जब्ती अभियान गुरुवार को भी जारी रहा। पश्चिम शहर संभाग के साथ ग्रामीण वृत्त के बकायादारों के खिलाफ भी वसूली के लिए कुर्की की कार्रवाई की गई। संगम नगर जोन में एक फैक्ट्री सील कर दी गई। ग्रामीण वृत्त के बिजली अधिकारियों ने बेगमखेड़ी में सहकारी समिति के दफ्तर पर कुर्की का नोटिस चस्पा कर दिया।
संगम नगर बिजली जोन के अंतर्गत आने वाले टिगरिया बादशाह क्षेत्र में उपभोक्ता हेमराज गुर्जर के बिजली कनेक्शन पर कुल 3.34 लाख रुपये का बिल बकाया था। बिजली कंपनी उपभोक्ता को कई बार नोटिस दे चुकी थी। पैसा जमा नहीं होने पर बीते दिनों कनेक्शन भी काट दिया गया था। उपभोक्ता फिर भी बिल भरने नहीं पहुंची। संगम नगर जोन के सहायक यंत्री केपी सिंह और अभिनव सिंह गुरुवार दोपहर फैक्ट्री पर पहुंची। मौके पर एक व्यक्ति आया और बिजली अधिकारियों से कहा कि जिस व्यक्ति हेमराज के नाम पर कनेक्शन है वह असल में किराएदार था। लंबे समय से वह गायब है। बिजली अधिकारियों ने कहा कि आपने परिसर पर किराए पर दिया। इस पर स्वामित्व आपका है इसलिए बकाया बिल जमा करने का दायित्व भी आपका होगा। इसके बाद अधिकारियों ने फैक्ट्री परिसर पर अपना ताला लगाकर उसे सील कर दिया। साथ ही कुर्की का नोटिस चिपका दिया। कार्रवाई के बाद शाम को ही मालिक बिजली कंपनी के दफ्तर पहुंच गया। सहायक यंत्री केपी सिंह के अनुसार फैक्ट्री मालिक ने बकाया पूरी राशि का चेक जमा कर दिया है। तय प्रक्रिया के अनुसार शुक्रवार को सील परिसर को खोल कर वापस उसे कब्जा दे दिया जाएगा। दूसरी ओर ग्रामीण वृत्त के कनाड़िया वितरण केंद्र के ग्राम बेगमखेड़ी के तिलहन उत्पादक सहकारी समिति के दफ्तर के साथ ही सुशील मिश्रालाल जैन टिगरियाराव, गायज्ञी बीज उत्पादक बेगमखेड़ी और संगीता नागरानी बिचौली मर्दाना के परिसरों पर कुर्की नोटिस चस्पा किए गए। इन सभी पर 16 लाख रुपए बकाया है।
357
