कबीरधाम। कबीरधाम कलेक्टर गोपाल वर्मा ने खाद्य विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 के अंतर्गत कस्टम मिलिंग के लिए धान का उठाव और नान तथा एफसीआई में चावल जमा करने के संबंध में समीक्षा की। कलेक्टर ने अब तक जिले में धान के उठाव के अनुपात में लक्ष्य के अनुरूप नान और एफसीआई में जमा किए चावल की विस्तृत जानकारी ली।
कलेक्टर ने लक्ष्य के अनुरूप कम चावल जमा करने पर फटकार लगाई है। 31 राईस मिलर्स को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा चावल जमा नहीं करने पर बैंक गारंटी राजसात करने के साथ राईस मिल को ब्लैक लिस्टेड करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री वर्मा ने जिले में नागरिक आपूर्ति निगम में शेष चावल को 1 सप्ताह के भीतर जमा करने के लिए सभी राईस मिलर्स को निर्देशित किया। बैठक में बताया गया कि 31 राईस मिलर्स द्वारा 52 हजार 148 मी. टन चावल जमा करने का लक्ष्य है। इनके द्वारा 36 हजार 97 मी. टन चावल जमा किया गया है। 16 हजार 50 मी. टन चावल जमा करना शेष है।कलेक्टर गोपाल वर्मा ने कहा कि जिले में धान का उठाव हो चुका है, लेकिन चावल जमा करने की प्रक्रिया में तेजी लाने की आवश्यकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय सीमा के भीतर सभी राइस मिलर्स से चावल जमा कराएं और इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।यदि तय समय सीमा में चावल जमा नहीं होता है, नियामानुसार कार्रवाई होगी।जिले में चावल जमा करने की प्रक्रिया में देरी से सार्वजनिक वितरण प्रणाली पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, जिससे आम जनता को असुविधा होगी। इसीलिए, समय पर चावल जमा करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। कलेक्टर ने अधिकारियों को नियमित रूप से मॉनिटरिंग करने, भौतिक सत्यापन और प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिला खाद्य अधिकारी सचिन मरकाम ने बताया कि जिले के राईस मिलर्स द्वारा 3 लाख 32 हजार 114 मी. टन धान का उठाव किया गया है। इसके अनुरूप राईस मिलर्स को 2 लाख 24 हजार 830 मी. टन चावल जमा करना था लेकिन अब तक राईस मिलर्स द्वारा 01 लाख 57 हजार 987 मी. टन चावल जमा किया गया है। कलेक्टर श्री वर्मा ने शेष 66 हजार 847 मी. टन चावल जमा करने के सख्त निर्देश दिए है।
91
