मोबाईल एप में युवती से दोस्ती कर कई बार किया दुष्कर्म, अश्लील फोटो वाइरल करने की देता था धमकी, अदालत ने सुनाया सजा…… पढ़िए पूरी खबर

by Kakajee News

रायगढ़। रायगढ़ जिला मुख्यालय में मोबाईल एप में युवती से दोस्ती कर अपने परिचित के घर ले जाकर कई बार दुष्कर्म करने और अश्लील फोटो शोसल मीडिया में वायरल करने की धमकी देने के मामले में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने आज आरोपी को दस साल की सजा और जुर्माने से दंडित किया है।

अभियोजन पक्ष के अनुसार मामला संक्षेप में इस प्रकार है कि कोतवाली थाना क्षेत्र के ढिमरापुर क्षेत्र में रहने वाला बबलू सरोज 29 साल का 2019 में पीड़िता के साथ मोबाईल एप के माध्यम से परिचय हुआ। दोनों पहली बार रायगढ़ कचहरी के पीछे तालाब के आसपास मिले। बाद में दोनों आपस में लगातार मिलते थे। इसी बीच मई 2019 को जब पीड़िता काॅलेज जा रही थी। इस दौरान सुबह करीब 11 बजे आरोपी उसे अपने मोटर सायकल में बैठाकर अपनी मुंह बोली बहन के घर बोईरदादर ले गया और जबरदस्ती पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। उसके बाद आरोपी सबको बता दूंगा कहकर उसे डराते धमकाते हुए फिर से बलात्कार किया और इसी दौरान उसकी अश्लील फोटो खींच लिया था।
2019 में पीड़िता को सोनिया नगर क्षेत्र में ले जाकर फिर से उसने उसके साथ दुष्कर्म किया और आरोपी बबलू सरोज पीड़िता के मोबाईल नंबर पर पीड़िता की अश्लील फोटो उसे वाट्सअप पर भेज दिया। वर्ष 2019 में गर्मी माह में पीड़िता की शादी की बातचीत जब एक युवक से चल रही थी। तब आरोपी ने पीड़िता की अश्लील फोटो लड़के पक्ष को भेज दिया। उसके बाद आरोपी खुद के साथ पीड़िता को शादी करने का दबाव डालने लगा और दूसरे किसी से शादी नहीं करने देने की धमकी देने लगा। यही नहीं वह पीड़िता की अश्लील फोटो को फेसबुक और वाट्सअप और इंस्टाग्राम में भेजकर पीड़िता को बदनाम कर रहा था। मना करने के बाद भी वह नहीं मान रहा था।
ऐसे में आरोपी के पक्ष की ओर से यह तर्क दिया गया कि मोबाईल का उपयोग आरोपी द्वारा किया जाता था इस संबंध में कोई जांच नहीं किया गया है, लेकिन इस पर कोई विवाद नहीं है कि आरोपी से जप्त मोबाईल का उपयोग उसी के द्वारा किया जाता था। वह मोबाईल आरोपी का ही है, पर इस संबंध में कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया है, लेकिन प्रकरण में यह भी स्पष्ट है कि यह मोबाईल आरोपी से ही जप्त किया गया है। ऐसे में यह माना जाएगा कि उक्त मोबाईल आरोपी का ही है एवं उसका उपयोग उसी के द्वारा किया जाता था। इस प्रकार प्रकरण में आए साक्ष्य से यह प्रमाणित पाया गया कि आरोपी द्वारा पीड़िता की सहमति के बिना उसकी अश्लील तस्वीर व विडियो पीड़िता को प्रताड़ित करने के आशय से लिया और उसे पीड़िता एवं अन्य को भेज दिया। जिसके बाद आरोपी बबलू सरोज को धारा 376, 509 ख एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा -66 ई एवं 67 क के अपराध में दोषी पाया गया। ऐसे में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश द्वारा दुष्कर्म के मामले में 10 साल का सश्रम कारावास और दुष्कर्म समेत अलग अलग धाराओं में 20 हजार रूपए का अर्थदंड से दण्डित किया गया है।

Related Posts