कबीरधाम। कबीरधाम जिले के तरेगांव जंगल थाना पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक संग्राम सिंह ने बताया कि ग्राम बरपानी निवासी सोनिया बाई बैगा पति अकल सिंह बैगा उम्र 45 वर्ष अपने खेत में पेड़ की रखवाली कर रही थीं। सुबह लगभग 4 बजे गांव का ही झामलाल बैगा पुरानी रंजिश के चलते उनके पास आकर अश्लील गाली-गलौज करने लगा।
मना करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी और कुल्हाड़ी से दोनों हाथों और सिर पर वार कर गंभीर चोटें पहुंचाई, जिससे खून निकलने लगा। पीड़िता इलाज के लिए अपनी बेटी के साथ शासकीय अस्पताल बोड़ला पहुंची और वहीं से सूचना दी गई। प्रकरण में पुलिस ने धारा 296, 115(2), 351(3) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया। चिकित्सकीय परीक्षण व एक्स-रे रिपोर्ट में प्रार्थिया को धारदार व कठोर वस्तु से गंभीर चोट तथा दाहिने हाथ में फ्रैक्चर पाया गया, जिस पर धारा 118(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई। आरोपी झामलाल बैगा निवासी बरपानी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे दिनांक 27 मई तक न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। मामले में विवेचना जारी है।
122
