भाटापारा। बलौदाबाजार जिला पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में भाटापारा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ऑनलाइन आईपीएल क्रिकेट सट्टा गिरोह के मुख्य संचालक गिरीश घिरवानी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और सट्टा रैकेट का मास्टरमाइंड माना जा रहा था।
गौरतलब है कि इससे पूर्व पुलिस ने गोवा के बोगमालो इलाके में छापेमारी कर ऑनलाइन सट्टा चला रहे गिरोह के 15 सदस्यों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से ₹8.15 लाख कीमती मोबाइल, लैपटॉप, टीवी समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स जब्त किए गए थे। गिरोह द्वारा खेलो यार, आरबीसी 139 और वीनबज 7 नामक पैनल्स के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाया जा रहा था।
इस पूरे प्रकरण में भाटापारा शहर थाना में अपराध क्रमांक 288/2025 दर्ज किया गया था, जिसमें छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 07, बीएनएस की धाराएं 318(4), 319(2), 336(2), 336(3), 338, 340(2), 238, 111 एवं टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की धारा 66C, 66D के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी गिरीश घिरवानी ऑनलाइन सट्टा एप्स के लॉगिन आईडी के माध्यम से आईपीएल मैचों पर सट्टा चला रहा था। वह मोबाइल फोन से सट्टा से संबंधित लेन-देन करता था, और कार्य करने वाले लड़कों को वेतन उनके खातों में ट्रांसफर करता था। साथ ही सट्टा की रकम को हवाला के जरिए इधर-उधर करता था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस व साइबर सेल की टीम लगातार प्रयासरत थी। गहन जांच और तकनीकी निगरानी के बाद आरोपी को 11 जुलाई 2025 को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
