चोरी का माल खरीदने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किए 4 नग लोहे के चैनल गाटर, अब तक कुल 9 नग बरामद

by Kakajee News

सक्ती जिले मे पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी अजय कुमार सहिस उर्फ जेडी (25) निवासी वार्ड नंबर 1, कसेरपारा सक्ती को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से चोरी के 4 नग लोहे के चैनल गाटर बरामद किए गए हैं। अब तक इस प्रकरण में कुल 9 नग लोहे के चैनल गाटर जब्त किए जा चुके हैं। मामला सक्ती थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, मामला 5 अगस्त 2025 का है, जब प्रार्थी प्रमोद कुमार चौहान निवासी सराईपाली ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके ठेका निर्माणाधीन मकान के छत से 65,450 रुपए की कीमत के लोहे के चैनल गाटर चोरी हो गए हैं। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान 6 अगस्त को आरोपी दुर्गेश बरेठ, शिवा सोनी और पुष्पेन्द्र शर्मा को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी के 5 नग गाटर बरामद किए गए थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शेष गाटर उन्होंने अजय कुमार सहिस उर्फ जेडी को बेचे थे। घटना के बाद से जेडी फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हर्ष यादव, एसडीओपी मनीष कुंवर के मार्गदर्शन में आरोपी की तलाश की जा रही थी। आखिरकार 23 अगस्त को पुलिस ने घेराबंदी कर जेडी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने चोरी का माल खरीदने की बात कबूल कर दी और 4 नग गाटर पुलिस को सौंप दिए। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Related Posts

Leave a Comment