रायगढ़. जिले में मानव-हाथी द्वंद लगातार खतरनाक रूप ले रहा है। खासकर धरमजयगढ़ क्षेत्र में आए दिन हाथियों के आतंक से लोग दहशत में जी रहे हैं। फसलों को चौपट करने से लेकर घरों को तोड़ने और जान लेने तक की घटनाएं अब आम हो चुकी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ वन मंडल के बकारुमा रेंज के ससकोबा परिसर में विचरण कर रहे 14 हाथियों के दल में से एक हाथी ने बीती रात रैरुमा खुर्द निवासी फूलमेत बाई पति जगतराम माझी 65 साल को आज सुबह बेरहमी से पैरों तले कुचल डाला। महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, हाथी ने महिला को पटक-पटक कर शरीर के चीथड़े उड़ाते हुए मौत के घाट उतारा।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही और सुस्ती के चलते ही हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। लोग लगातार जनहानि का शिकार हो रहे हैं, मगर रोकथाम के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे।
