रायगढ़. कैबिनेट मंत्री उमेश पटेल ने झीरम हमले की जांच को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि झीरम हमले के शहीदों के परिजनों को अब तक न्याय नहीं मिल पाया है। शहीदों के परिजनों को अब तक जांच रिपोर्ट का इंतजार है। उन्होंने कहा कि जब गवर्नमेंट बनी थी तब हमने एसआईटी का गठन किया था। लेकिन एनआईए ने फाइल देने से इनकार कर दिया और मामला कोर्ट में चला गया है। कोर्ट में केस चल रहा है जैसे ही कोर्ट का कोई रिजल्ट आएगा उस हिसाब से हम आगे की कार्रवाई करेंगे।
उन्होंने कहा कि एनआईए ने अभी तक हमें जांच रिपोर्ट की कॉपी नहीं दी है और प्रकरण कोर्ट में है। कोर्ट अगर हमारे पक्ष में फैसला करता है तो एसआईटी की जांच शुरू होगी। अभी हम कोर्ट के फैसले का इंतजार कर रहे हैं । उन्होंने कहा कि झीरम हमले की जांच के संबंध में राज्यपाल को जो रिपोर्ट सौंपी गई है उसकी कॉपी हमें अभी तक उपलब्ध नहीं हो पाई है। ऐसे में कॉपी देखकर ही वे आगे कुछ कह पाएंगे।
उमेश पटेल नंद कुमार पटेल यूनिवर्सिटी के प्रथम कुल सम्मेलन में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कुमार पटेल के जीवन पर आधारित स्मृति ग्रंथ का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता के नाम पर यूनिवर्सिटी की स्थापना हुई है और प्रथम कुल सम्मेलन में उन्हें शामिल होने का मौका मिला है यह उनके लिए गर्व की बात है।
