Picture of kakajee

kakajee

जनदर्शन में सुनी गई जनसामान्य की समस्याएं, प्राप्त आवदेनों के त्वरित निराकरण के दिए गए निर्देश
रायगढ़. जिला कलेक्टोरेट में आज जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न अंचलों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं, मांगें एवं शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में अपर कलेक्टर अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित जांच एवं निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में राशन कार्ड, चिकित्सा एवं आर्थिक सहायता, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धा पेंशन सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। अपर कलेक्टर श्री टोप्पो ने कहा कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनदर्शन के दौरान विकासखंड पुसौर के ग्राम छिछोरउमरिया निवासी रामगोपाल चौहान एवं रामकुमार चौहान ने मकान क्षतिपूर्ति राशि दिलाए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि अतिवृष्टि के कारण उनका मकान पूर्णतः क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसकी मौके पर हल्का पटवारी द्वारा जांच कर पंचायत पंचनामा प्रमाण-पत्र सहित प्रकरण तहसीलदार पुसौर के समक्ष प्रस्तुत किया जा चुका है। इसके बावजूद 5 से 6 माह बीत जाने के बाद भी आज तक क्षतिपूर्ति राशि प्राप्त नहीं हुई है। इसी क्रम में तहसील धरमजयगढ़ के ग्राम आमापाली निवासी लोकनाथ सिंह ठाकुर ने आवेदन देते हुए बताया कि गांव में लगभग एक वर्ष पूर्व पानी टंकी का निर्माण पूर्ण हो चुका है तथा प्रत्येक घर में नल कनेक्शन भी लगाए जा चुके हैं, किंतु अब तक नलों में जलापूर्ति प्रारंभ नहीं हो पाई है। इसके अतिरिक्त ग्राम ठाकुरदिया, खरसिया निवासी सुभाष अग्रवाल ने श्रवण यंत्र उपलब्ध कराए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया।
विकासखंड तमनार की ग्राम पंचायत डोलेसरा अंतर्गत ग्राम कठरापाली के ग्रामीणों ने बताया कि यहां प्राथमिक शाला संचालित है, जिसमें कक्षा पहली से पांचवीं तक के बच्चे अध्ययनरत हैं, किंतु मुख्य शाला भवन एवं अतिरिक्त कक्ष दोनों ही जर्जर अवस्था में हैं। उन्होंने बच्चों के सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त शाला भवन के निर्माण हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। इसके अलावा अन्य आवेदकों ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। अपर कलेक्टर श्री टोप्पो ने सभी आवेदनों की नियमानुसार जांच कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें