नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विकास की नई पहल, ग्राम गुण्डेपुरी में नवीन सुरक्षा एवं जन-सुविधा कैम्प की स्थापना

by Kakajee News

बीजापुर। नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के थाना फरसेगढ़ क्षेत्रान्तर्गत ग्राम गुण्डेपुरी में 05 फरवरी 2026 को नवीन सुरक्षा एवं जन-सुविधा कैम्प की स्थापना सफलतापूर्वक की गई। यह कैम्प डीआरजी, जिला बल तथा छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल 21वीं वाहिनी “एफ” समवाय की संयुक्त टीमों द्वारा स्थापित किया गया है। इस पहल को क्षेत्र में माओवादियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही एवं समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, पहुँच-विहीन मार्गों एवं कड़ाके की ठंड जैसी प्राकृतिक चुनौतियों के बावजूद सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प एवं उच्च मनोबल का परिचय देते हुए कैम्प की स्थापना की। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 से अब तक जिले में कुल 34 नवीन सुरक्षा कैम्प स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे न केवल सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हुई है, बल्कि विकास कार्यों को भी नई गति मिली है।
यह कैम्प भोपालपटनम् से फरसेगढ़, सेण्ड्रा एवं महाराष्ट्र के गढ़चिरौली को जोड़ने वाले अंतर्राज्यीय संपर्क मार्ग की दिशा में भी महत्वपूर्ण कड़ी सिद्ध होगा। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र को जोड़ने वाली इन्द्रावती नदी पर पुल निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिससे नेशनल पार्क क्षेत्र के सुदूर ग्रामों तक सड़क, आवागमन एवं प्रशासनिक पहुँच और अधिक मजबूत होगी।
नवीन सुरक्षा कैम्प की स्थापना से क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पेयजल, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), मोबाइल नेटवर्क एवं सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। इससे माओवादी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होने के साथ-साथ क्षेत्र में शांति एवं जन-विश्वास को मजबूती मिलेगी।
नक्सल उन्मूलन के क्षेत्र में बीजापुर जिले को उल्लेखनीय सफलता मिली है। वर्ष 2024 से अब तक 888 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है, 232 माओवादी मुठभेड़ों में मारे गए हैं तथा 1163 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है। यह उपलब्धियाँ सुरक्षा बलों की सतत एवं प्रभावी कार्यवाही का परिणाम हैं।
यह कैम्प सुन्दरराज पी., पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज जगदलपुर (छ.ग.) के मार्गदर्शन में तथा डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक बीजापुर, रविन्द्र कुमार मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स), चन्द्रकांत गवर्ना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, मनोज तिर्की एवं अमन लखीसरानी, अनुविभागीय अधिकारी फरसेगढ़ तथा उप पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ सिंह चौहान की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ शासन की नियद नेल्ला नार योजना के अंतर्गत स्थापित किया गया।
कैम्प की स्थापना से क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों को गति मिलेगी तथा आसपास निवासरत ग्रामीणों को सड़क, पुल-पुलिया निर्माण, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएँ, पीडीएस दुकानें, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं मोबाइल कनेक्टिविटी जैसी आवश्यक जन-सुविधाएँ उपलब्ध हो सकेंगी। कैम्प स्थापना से क्षेत्र के आम नागरिकों में उत्साह एवं विश्वास का वातावरण बना हुआ है।

Related Posts

Leave a Comment