भीषण आग लगने से ऑटो, फर्नीचर और डेकोरेशन से जुड़ी 8 दुकानें जलकर राख, सवा करोड़ से अधिक के नुकसान का अनुमान

Picture of kakajee

kakajee

अंबिकापुर। सरगुजा जिला के अंबिकापुर शहर स्थित अंबेडकर चौक क्षेत्र में मंगलवार तड़के भीषण आग लगने से ऑटो, फर्नीचर और डेकोरेशन से जुड़ी आठ दुकानें जलकर राख हो गईं। आग से करीब सवा करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तड़के करीब चार बजे एक फर्नीचर दुकान में आग लगी, जो देखते ही देखते आसपास की दुकानों तक फैल गई। आग की लपटें करीब 30 फीट तक ऊंची उठती रहीं। सुबह करीब 4:30 बजे वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने दुकान संचालक राकेश अग्रवाल को फोन कर आग की सूचना दी। इसके बाद उन्होंने तत्काल फायर ब्रिगेड, कंट्रोल रूम और डायल-112 को सूचित किया।
सूचना मिलने पर गांधीनगर, कोतवाली और मणिपुर थाना पुलिस के साथ ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, फायर ब्रिगेड की टीम करीब एक घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग फैलते हुए पास की नाश्ते की दुकान तक पहुंच गई, जहां रखे छोटे गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया। इससे नाश्ते की दुकान भी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग की चपेट में राकेश अग्रवाल की दुकान के पीछे संचालित फर्नीचर फैक्ट्री भी आ गई, जहां आलमारी निर्माण और पेंटिंग का कार्य होता था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दरिमा एयरपोर्ट की फायर ब्रिगेड टीम की मदद ली गई।
दुकान संचालक राकेश अग्रवाल ने फायर ब्रिगेड पर देरी से पहुंचने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि यदि टीम समय पर पहुंच जाती तो नुकसान काफी कम होता। आग में ई-रिक्शा, बैटरी, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान, फर्नीचर और डेकोरेशन सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। वहीं घटना के कारण सुबह स्कूल बसें और वैन भी ट्रैफिक जाम में फंस गईं। पुलिस को ट्रैफिक सामान्य करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में स्थिति सामान्य हुई।फिलहाल गांधीनगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें