रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान “आघात” के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। 19 अप्रैल को थाना तमनार और साइबर टीम ने धौराभांठा मेन रोड पर नाकेबंदी कर ओडिशा से गांजा की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 60 किलोग्राम गांजा, कार और अन्य सामग्री सहित कुल करीब 20 लाख 24 हजार 750 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
मामले की कार्रवाई के संबंध में पुलिस को सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय मुखबिरों से सूचना प्राप्त हुई थी कि ओडिशा के बिलाईमुंडा की ओर से एक सफेद रंग की स्वीफ्ट डिजायर कार में भारी मात्रा में गांजा भरकर धौराभांठा की ओर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धौराभांठा मेन रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन क्रमांक व्त् 15 ज् 7372 को रोककर जांच की। वाहन में सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ में उन्होंने अपना नाम सोहन लाल सिदार (40 वर्ष) निवासी रायपारा थाना तमनार एवं विनोद प्रधान (33 वर्ष) निवासी समकेरा थाना तमनार बताया।
पुलिस टीम द्वारा वाहन की विधिवत तलाशी लेने पर डिक्की में रखे 9 पैकेटों में गांजा बरामद हुआ। सभी पैकेटों का तौल कराने पर कुल 60 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख 14 हजार 750 रुपये आंकी गई। इसके अलावा आरोपियों के पास से एक वीवो और एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पूरे मामले में वाहन सहित कुल 20 लाख 24 हजार 750 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के कमल मेहर से संपर्क कर गांजा लाकर अवैध बिक्री के लिए परिवहन कर रहे थे।
पुलिस ने मामले में थाना तमनार में तीनों आरोपियों के विरूद्ध नामजद अपराध के तहत धारा 20 (बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
5
