सूने कमरे में अज्ञात चोरों ने की चोरी, 70 हजार नकद समेत जेवर और जरूरी दस्तावेज पार, पीड़ित की शिकायत के बाद हुआ एफआईआर

by Kakajee News

रायगढ़ । जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने घर में रखी नगदी, सोने-चांदी के जेवरात समेत जरूरी दस्तावेजों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पीड़ित परिवार सदमे में है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पटेलपाली पंचायत पारा निवासी प्रवीण कुमार पटेल, जो दूध बेचने का काम करते हैं, ने जूटमिल थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि 17 मई की रात करीब 10 बजे वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ खाना खाने के बाद एक कमरे में सो गए थे। घर के बगल वाले कमरे में रखी आलमारी के लॉकर में 70 हजार रुपए नगद, सोने-चांदी के जेवरात, ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी बुक और आधार कार्ड सुरक्षित रखे हुए थे।
18 मई की शाम करीब 5:30 बजे जब प्रवीण कुमार पटेल दूसरे कमरे में पहुंचे और आलमारी खोली, तो अंदर का सामान बिखरा हुआ मिला। लॉकर की जांच करने पर उसमें रखे 70 हजार रुपए नगद, सोने-चांदी के जेवरात और जरूरी दस्तावेज गायब थे।
पीड़ित का कहना है कि 17 मई की रात 10 बजे से लेकर 18 मई की शाम 5:30 बजे के बीच किसी अज्ञात चोर ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही जूटमिल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में डर और नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Related Posts

Leave a Comment