मवेशी तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डायल-112 की सतर्कता से पिकअप वाहन पकड़ा गया, 8 मवेशी बरामद, चालक फरार

by Kakajee News

रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 8 नग मवेशी बरामद किए हैं। मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार थाना धरमजयगढ़ में पदस्थ आरक्षक प्याराजीवन टोप्पो एवं चालक इलियास खान उर्फ बबलू डायल-112 वाहन में रात्रि गश्त ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान 24 मई की रात करीब 12:43 बजे डायल-112 में सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम खड़गांव में एक पिकअप वाहन में मवेशियों को भरकर ले जाया जा रहा है, जिसे ग्रामीणों ने रोक रखा है।

सूचना मिलते ही डायल-112 टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां जांच करने पर पिकअप वाहन क्रमांक CG 12 AS 8363 में 8 नग मवेशियों को ठूस-ठूस कर भरा हुआ पाया गया। वाहन में मौजूद दो व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम सत्यपाल राठिया पिता स्व. पंचु राठिया एवं तिहारू राम राठिया पिता फिरत सिंह राठिया निवासी चाकामार नवापारा थाना रजगामार जिला कोरबा बताया।

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि वाहन चालक रमेश राठिया निवासी चाकामार नवापारा थाना रजगामार जिला कोरबा मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप वाहन सहित 8 मवेशियों को जब्त कर दोनों आरोपियों को थाना लाकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जांच के दौरान आरोपियों द्वारा मवेशियों के परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। साथ ही मवेशियों को बिना चारा-पानी एवं क्रूरतापूर्वक ठूंसकर परिवहन किया जा रहा था। प्रथम दृष्टया मामला पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

Related Posts

Leave a Comment