धरमजयगढ़ वन मंडल अंतर्गत बोरों वन परिक्षेत्र के जबगा बीट में वन विभाग ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल के भीतर संचालित एक जेसीबी मशीन को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि जंगल में रात के समय जेसीबी चलने की सूचना वन मंडलाधिकारी जीतेन्द्र उपाध्याय को मिली थी, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सूचना मिलते ही बोरों वन परिक्षेत्र के रेंजर उमाशंकर पटेल के नेतृत्व में वन विभाग की टीम गठित की गई और आधी रात जंगल में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान जंगल के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में जेसीबी मशीन पकड़ी गई, जिसे बाद में विभाग अपने कब्जे में लेकर धरमजयगढ़ ले आया।
रात 1-2 बजे चला हाई वोल्टेज ड्रामा
सूत्रों के अनुसार यह पूरी कार्रवाई रात करीब 1 से 2 बजे के बीच हुई। मौके पर कुछ समय के लिए विवाद की स्थिति भी निर्मित हो गई। बताया जा रहा है कि वाहन संचालक मौके पर जेसीबी को छोड़ देने की गुहार लगाता रहा, वहीं वन विभाग की टीम नियमों के तहत कार्रवाई पर अड़ी रही।
इसी दौरान चालक और हेल्पर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
वन विभाग की सख्ती से मचा हड़कंप
आधी रात हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा तेज है कि जंगल क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अब वन विभाग लगातार नजर बनाए हुए है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी रहेगी और नियम विरुद्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
