RAIGARH NEWS पत्नी को जंगल में बेरहमी से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, आरोपी पुलिस हिरासत में, पूछताछ जारी

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़। जिले के कापू थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति ने अपनी पत्नी की कथित रूप से डंडे, पत्थर और मुक्कों से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी पति के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम गुडाआमा इंचपारा पेलमा निवासी ननकी बाई पहाड़ी कोरवा (30 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने पर थाना कापू में मर्ग कायम कर जांच की जा रही थी। जांच के दौरान मृतिका के पिता जीतन राम पहाड़ी कोरवा, माता पंडरी बाई, भाई फागू सहित प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए। बताया जा रहा है कि 3 जून की शाम करीब 5.30 बजे मृतिका का पति कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा अपनी पत्नी को मारते-पीटते हुए इंचपारा से गुडाआमा की ओर ले जा रहा था। इसी दौरान गाड़ा घुटरा जंगल के पहाड़ी रास्ते में आरोपी ने हाथ-मुक्का, डंडा और पत्थर से हमला कर ननकी बाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट में उसके सिर, चेहरे, आंख, गाल, पीठ, जांघ और कोहनी पर गंभीर चोटें आईं।

बीच-बचाव करने पहुंचे परिजन, तब तक हो चुकी थी मौत
मृतिका के पिता जीतन राम ने पुलिस को बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि उनकी बेटी रास्ते किनारे घायल अवस्था में पड़ी है। जब वे पत्नी के साथ मौके पर पहुंचे तो देखा कि कार्तिक राम ननकी बाई की पिटाई कर रहा था। बीच-बचाव करने पर आरोपी वहां से फरार हो गया। परिजनों ने घायल ननकी बाई को संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कापू भेजा। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में चिकित्सकों ने मौत को हत्यात्मक (होमिसाइडल) बताया। रिपोर्ट और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने हत्या की पुष्टि होने पर आरोपी पति कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा के खिलाफ धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

सात बच्चों की मां थी मृतिका
पुलिस जांच में सामने आया है कि ननकी बाई और कार्तिक राम की शादी लगभग 12 वर्ष पूर्व सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। दंपति के सात बच्चे हैं, जिनमें पांच लड़के और दो लड़कियां शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस जुटी विवेचना में
कापू पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश एवं आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना ने आदिवासी बहुल क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और भी

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें