सुने मकान से 5 लाख की सनसनीखेज चोरी, तिजोरी का लॉकर खोलकर नकदी पार

Picture of kakajee

kakajee

सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिलाईगढ़-बी में अज्ञात चोरों ने एक व्यापारी के घर को निशाना बनाते हुए तिजोरी में रखे करीब 5 लाख रुपये नगद पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बिलाईगढ़-बी निवासी कपूरचंद अग्रवाल (55 वर्ष) धान-चावल खरीदी एवं बिक्री का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने हाल ही में अपनी कृषि भूमि बेचकर प्राप्त राशि में से बची हुई 5 लाख रुपये नगद रकम घर की तिजोरी में सुरक्षित रखी थी। बताया जा रहा है कि 1 जून की शाम करीब 6 बजे कपूरचंद अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ बिलाईगढ़ स्थित मकान में थे। इसके बाद दोनों मकान में ताला लगाकर अपने दूसरे घर ग्राम बुदेली चले गए। अगले दिन सुबह लगभग 8:30 बजे जब वे वापस लौटे तो घर का अंदरूनी दरवाजा खुला मिला। घर के भीतर जाकर देखा तो तिजोरी का लॉकर खुला हुआ था और उसकी चाबी नीचे पड़ी थी।

जांच करने पर तिजोरी में रखे 500 रुपये के नोटों के 10 बंडलों में कुल लगभग 5 लाख रुपये गायब मिले। पीड़ित के अनुसार रकम को लाल रंग की प्लास्टिक झिल्ली में लपेटकर सफेद कपड़े के थैले में रखकर तिजोरी के लॉकर में सुरक्षित रखा गया था।

फोटो फ्रेम के पीछे छिपी थी चाबी
शिकायत में बताया गया है कि घर में बेटे के फोटो फ्रेम के पीछे चाबी का गुच्छा छिपाकर रखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि चोरों को चाबी के ठिकाने की जानकारी थी। अज्ञात आरोपी ने घर में प्रवेश कर चाबी निकाली, तिजोरी का लॉकर खोला और नकदी लेकर फरार हो गया।

चोरी का पता चलते ही बिगड़ी तबीयत
पीड़ित कपूरचंद अग्रवाल ने बताया कि रकम चोरी होने की जानकारी मिलते ही उन्हें गहरा सदमा लगा और वे बेहोश हो गए। तबीयत खराब होने के कारण उन्होंने दो दिनों तक इलाज कराया, जिसके बाद 4 जून को अपने परिजनों के साथ थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज
बरमकेला पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 331(4) एवं 305(ए) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ चोरी की वारदात से जुड़े सुराग जुटाने में लगी हुई है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और भी

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें