चिराईपानी में आंधी-तूफान का कहर: फैक्ट्री की बाउंड्री वॉल गिरने से महिला मजदूर की मौत, दो घायल

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़ (छत्तीसगढ़): रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के चिराईपानी में शुक्रवार शाम तेज आंधी, तूफान और बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। दो उद्योगों के बीच बनी बाउंड्री वॉल अचानक ढह गई, जिसकी चपेट में आने से एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ओम रूपेश उद्योग और महालक्ष्मी उद्योग के बीच बनी दीवार के पास कुछ मजदूर अस्थायी झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे मौसम अचानक खराब हुआ और तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान दोनों उद्योगों के बीच बनी बाउंड्री वॉल भरभराकर मजदूरों की झोपड़ी पर गिर गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मलबे में दबे मजदूरों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल रंभा यादव नामक महिला को मलबे से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं, हादसे में घायल दो अन्य मजदूरों को इलाज के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मौसम में अचानक आए बदलाव और तेज आंधी-तूफान के कारण दीवार गिरने की आशंका जताई जा रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था और अस्थायी आवासों की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और भी

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें