कोरबा में आवारा कुत्तों का कहर: 5 वर्षीय मासूम पर झुंड का हमला, इलाज से पहले हुई मौत

by Kakajee News

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के दादर इलाके में आवारा कुत्तों के झुंड ने एक 5 वर्षीय मासूम पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को परिजन तत्काल जिला मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान प्रकाश पटेल (5 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पहली कक्षा का छात्र था। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृतक के पिता किशोर पटेल ने बताया कि वह दादर क्षेत्र में एक मकान निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे थे। इसी दौरान उनका बेटा उनसे मिलने आया था। कुछ देर बाद वह अकेले घर लौट रहा था, तभी रास्ते में 5 से 6 आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर वह दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कुत्ते उसके सिर, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट पहुंचा चुके थे। किसी तरह बच्चे को कुत्तों के चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि किशोर पटेल मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के निवासी हैं और रोजी-रोटी की तलाश में परिवार सहित दादर में रहकर मजदूरी करते हैं।
जिला अस्पताल से मिली सूचना (मेमो) के आधार पर मानिकपुर चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते आवारा कुत्तों के खतरे को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर प्रभावी नियंत्रण और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Related Posts

Leave a Comment