रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का पांचवां और अंतिम दिन आज राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। सदन में विपक्ष सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करेगा, जिस पर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।
कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जिसमें विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर सरकार से सवाल पूछे जाएंगे। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी सदन के पटल पर भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की स्थानीय निकायों से संबंधित ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
प्रश्नकाल के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और दयालदास बघेल सदस्यों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का जवाब देंगे। वहीं विधायक गोमती साय, धर्मजीत सिंह और भैयालाल राजवाड़े विभिन्न समितियों के प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत करेंगे।
सत्र के अंतिम दिन नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करेंगे। इस प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सरकार की नीतियों, कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने रहेंगे। इसके साथ ही मानसून सत्र का समापन होने की संभावना है।
10
