रायगढ़। धरमजयगढ़ क्षेत्र में हाथियों का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। ग्राम पंचायत जमाबिरा में बीती देर रात एक जंगली हाथी ने गांव के बीच एक बुजुर्ग ग्रामीण पर हमला कर दिया। हाथी के हमले में ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रतन गुप्ता के रूप में बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार बीती रात भोजन की तलाश में जमाबीरा गांव के अंदर घुसे जंगली हाथी का रात करीब 2:25 बजे बुजुर्ग ग्रामीण से सामना हो गया, जिसके बाद हाथी ने उस पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना इतनी भयावह थी कि ग्रामीणों में दहशत फैल गई। हाथी के हमले में बुजुर्ग की मौत की खबर फैलते ही गांव में मातम के साथ भय का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही आज सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। वन अमला मामले में आगे की कार्रवाई में जुटा हुआ है। साथ ही ग्रामीणों को हाथी से दूर रहने और रात के समय विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी जा रही है।
धरमजयगढ़ क्षेत्र में लगातार हाथियों की मौजूदगी और मानव बस्तियों के करीब उनके पहुंचने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ती जा रही है। अभी बरसात के दिनों में भोजन की तलाश में जंगल से निकलकर हाथियों के गांवों और आबादी वाले इलाकों में पहुंचने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। साथ ही रोजाना हाथियों के द्वारा ग्रामीणों की फसल को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
बहरहाल वन विभाग की टीम घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। मृतक के शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया भी की जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में हाथियों की लगातार निगरानी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है।
