रायगढ़ । तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम बजरमुड़ा में 7 अगस्त की शाम हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। झगराई डोकरी के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही स्कॉर्पियो ने सामने से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक प्रमोद चौहान (33) की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक में सवार नंद कुमार चौहान घायल हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बजरमुड़ा निवासी प्रमोद चौहान अपने साथी नंद कुमार चौहान के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AW 1168 से ATM से पैसे निकालने मिलूपारा गया था। दोनों वहां से वापस अपने गांव बजरमुड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 4:30 बजे झगराई डोकरी के पास विपरीत दिशा से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक CG 13 AP 6956 के चालक ने वाहन को तेज गति और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रमोद चौहान के माथे, पैर और दाहिने हाथ की कोहनी में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक पर पीछे बैठे नंद कुमार चौहान के दाहिने पैर में चोट आई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद तमनार पुलिस ने मर्ग क्रमांक 53/2026, धारा 194 BNSS के तहत मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस द्वारा पंचनामा सहित अन्य जांच कार्रवाई की गई। जांच के दौरान सामने आया कि स्कॉर्पियो चालक द्वारा वाहन को तेज, लापरवाहीपूर्वक एवं खतरनाक ढंग से चलाने के कारण यह दुर्घटना हुई और प्रमोद चौहान की मृत्यु हो गई।
जांच के आधार पर तमनार पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस द्वारा मामले में दुर्घटना के कारणों और चालक की भूमिका को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस हादसे के बाद बजरमुड़ा गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने घटना से संबंधित सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
