बीजापुर। जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के कमकानार से नक्सलियों ने बीती रात एक मितानिन व एक आंगनबाड़ी सहायिका समेत तीन लोगों का अपहरण कर लिया है। पुलिस इस मामले की सूचना मिलने व पता लगाने की बात कह रही है।
जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय से करीब 30 किमी दूर गंगालूर थाना क्षेत्र के कमकानार में पदस्थ मितानिन शारदा एंड्रिक (30), आंगनबाड़ी सहायिका पायकी वेका ( 25 ) और सहायिका पायकी वेका के मामा आयतू वेका अपने- अपने घरों में सो रहे थे।
सशस्त्र नक्सलियों ने इनके घर खुलवाए और अपने साथ ले गए। घटना स्थल पर किसी प्रकार का पर्चा नहीं छोड़ा गया है। ज्ञात हो कि आंगनबाड़ी सहायिका पायकी वेका के पति सन्नू वेका की नक्सलियों ने छह माह पहले पुलिस मुखबिरी के आरोप में हत्या कर दी थी।
इस अपहरण को भी उस घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस इस मामले में कुछ भी स्पष्ट नहीं कर रही है। बीजापुर एसपी कमलोचन कश्यप ने कहा है कि उन्हें भी इसकी जानकारी मिली है, पुलिस पता लगा रही है। गौरतलब है कि मितानिन स्वास्थ्य अभियान में टीकाकरण, बच्चों का वजन करने जैसे कार्यों में सहयोग करती हैं जबकि आंगनबाड़ी सहायिका बच्चों के लिए भोजन बनाती हैं। बीजापुर नक्सली हमला के बाद एक और बुरी खबर आई है। तीन महिलाओं के अपहरण की खबर से हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों का कहना है कि नक्सली मास्टर ट्रेनर शारदा के हाथ बांधकर अपने साथ ले गए हैं। मितानिन सहित तीन महिलाओं के अपहरण की खबर से सरकार भी हरकत में आ गई है। बस्तर के आईजी का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है। तस्दीक की जा रही है। घायल या बीमार नक्सली के इलाज के लिए इन्हें ले जाने का अंदेशा जताया जा रहा है।
396
