रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ रेलवे स्टेशन से पश्चिम बंगाल निवासी एक व्यक्ति के लापता होने का मामला सामने आया है। रोजगार की तलाश में महाराष्ट्र गए व्यक्ति को काम नहीं मिलने पर वह ट्रेन से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद वह अचानक लापता हो गया। मामले में पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के जीआरपी थाना बड़ाबाजार में अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर मिलने के बाद जीआरपी थाना रायगढ़ में असल अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लापता व्यक्ति की पत्नी दीपली महतो, निवासी ग्राम बामू, थाना बड़ाबाजार, जिला पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) ने 11 अक्टूबर को पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, उनके पति 5 अक्टूबर को पुरुलिया रेलवे स्टेशन से ट्रेन के जरिए रोजगार की तलाश में महाराष्ट्र के लिए रवाना हुए थे। वह 7 अक्टूबर को महाराष्ट्र पहुंचे, लेकिन उन्हें वहां काम नहीं मिल सका।
इसके बाद 8 अक्टूबर को तड़के करीब 3:30 बजे उन्होंने भुसावल रेलवे स्टेशन से समरसता सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सवार होकर घर लौटने के लिए यात्रा शुरू की। ट्रेन 8 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे छत्तीसगढ़ के रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंची। इसी दौरान उनके पति स्टेशन से लापता हो गए। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका।
घटना की शिकायत पर जीआरपी थाना बड़ाबाजार, जिला पुरुलिया में अपराध क्रमांक 008/2026 के तहत जीरो एफआईआर दर्ज की गई। ऑनलाइन ई-मेल के माध्यम से एफआईआर की प्रति जीआरपी थाना रायगढ़ को प्राप्त हुई। इसके बाद रायगढ़ जीआरपी ने असल अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब लापता व्यक्ति के संबंध में जानकारी जुटाने में लगी है।



