मामूली विवाद में पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी पति गिरफ्तार, पुसौर पुलिस ने हत्या के अपराध में भेजा रिमांड, फावड़े से हमला कर पत्नी की हत्या करने का आरोप

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़। पुसौर पुलिस ने ग्राम सूपा में पत्नी की हत्या के मामले में आरोपी पति अमृत लाल महंत को उपचार के बाद गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर मामूली घरेलू विवाद के दौरान फावड़े से हमला कर अपनी पत्नी रूप कुंवर महंत (41 वर्ष) की हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद आरोपी का रक्तचाप अत्यधिक बढ़ जाने और स्वास्थ्य खराब होने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान पुलिस टीम लगातार उस पर निगरानी रखे हुए थी। स्वास्थ्य में सुधार के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने पत्नी के साथ विवाद होने पर फावड़े से मारपीट करना स्वीकार किया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त फावड़ा और घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़ों सहित महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 11 अक्टूबर को सूचनाकर्ता सूरज दास महंत, पिता अमृत लाल महंत, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम सूपा, थाना पुसौर ने थाने में मर्ग सूचना दर्ज कराई। उसने बताया कि 10 अक्टूबर की रात लगभग 8:30 बजे वह अडानी प्लांट से ड्यूटी कर घर लौटा तो उसकी मां रूप कुंवर महंत घर की परछी में जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ी थीं। उनके पिता अमृत लाल महंत भी वहीं बैठे हुए थे। मां को हिलाकर देखने पर शरीर में कोई हलचल नहीं मिली। उनके कान से खून निकल रहा था तथा दोनों हाथों की कलाइयों के ऊपर चोट के निशान और घर में जगह-जगह खून के छींटे दिखाई दे रहे थे। पिता से पूछने पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इसके बाद सूरज ने अपने भाई और आसपास के लोगों को बुलाया तथा मां को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर ले गया, जहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गंभीर रक्तस्राव से उत्पन्न रक्तस्रावी आघात (Hemorrhagic Shock) बताया गया। रिपोर्ट एवं परिस्थितियों के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 258/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए एफएसएल एवं सीन ऑफ क्राइम की फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कराया। जांच के दौरान घर के अंदर जमीन पर अत्यधिक मात्रा में खून पाया गया। कमरे में रखे पलंग के पाए, फ्रिज, कूलर, कपड़ों और दीवारों पर भी मानव रक्त के निशान मिले। घटनास्थल पर मिले फावड़े और लकड़ी के डंडे पर भी मानव रक्त जैसे निशान पाए जाने की पुष्टि के लिए फॉरेंसिक टीम ने परीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में घटना के समय घर में पति-पत्नी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी सामने नहीं आने पर पुलिस का संदेह मृतिका के पति अमृत लाल महंत पर गहराया।

इसी दौरान अमृत लाल महंत का रक्तचाप अत्यधिक बढ़ जाने से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर में भर्ती कराया गया। पुलिस टीम अस्पताल में उसके स्वास्थ्य और गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखे हुए थी। उपचार के बाद स्वस्थ होने पर उसे थाने लाकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना की रात उसकी पत्नी खाना बनाने से इनकार कर रही थी और ग्राम रैबार स्थित अपने रिश्तेदार के घर जाने की जिद कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो बढ़ गया। आरोपी ने फावड़े से हमला कर पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया।

पुसौर पुलिस ने प्रकरण में वारदात में प्रयुक्त फावड़ा, घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त कर आरोपी अमृत लाल महंत को हत्या के अपराध में गिरफ्तार किया तथा न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और भी

राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सुनीता का यादव समाज ने किया सम्मान, गरबा कार्यक्रम में उमड़ा उत्साह, जिला अध्यक्ष पंकज लता यादव के नेतृत्व में हुआ आयोजन, रायगढ़ जिले की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें