रायगढ़। धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र में जंगल और खेतों के आसपास हाथियों की मौजूदगी के बीच एक बार फिर इंसान और वन्यजीव का आमना-सामना हो गया। आमापाली रेलवे ट्रैक के पास खेत में काम करने गए करीब 55 वर्षीय श्रवण कुमार नायक अचानक तीन हाथियों के सामने आ गए। इससे पहले कि वे संभल पाते, एक हाथी ने अपनी सूंड से उन्हें उठाकर जमीन पर पटक दिया। इस घटना में उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया। मामले की जानकारी के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, श्रवण कुमार नायक खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान वहां तीन हाथी पहुंच गए। अचानक हाथियों को सामने देखकर उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। इसी बीच एक हाथी ने उन पर हमला करते हुए सूंड से उठाकर पटक दिया। जमीन पर गिरने से उनके हाथ में गंभीर चोट आई और हाथ फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद रामनाथ बाइक से घायल श्रवण कुमार नायक को लेकर आए और वन विभाग को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई। घायल को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए विभाग की ओर से तत्काल सहायता की व्यवस्था की जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह घटना धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र के 371 आरएफ क्षेत्र की है। खेतों में काम करने के दौरान हाथियों से अचानक सामना होना ग्रामीणों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। ऐसे में वन क्षेत्रों से लगे खेतों में जाने वाले ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर उस दिशा में जाने से बचने की जरूरत है।



