Kakajee News

‘स्पेस ऑन व्हील’ से जनजातीय अंचलों के बच्चों तक पहुंच रहा अंतरिक्ष विज्ञान, बच्चों में वैज्ञानिक चेतना जगाने की पहल को मिला मुख्यमंत्री का प्रोत्साहन

Picture of kakajee

kakajee

रायपुर,  जिन बच्चों के लिए उपग्रह अब तक आसमान में चमकते बिंदु भर थे, उनके सामने अब इसरो के उपग्रहों के मॉडल मौजूद हैं। विज्ञान को प्रयोगशालाओं और बड़े संस्थानों तक सीमित न रखकर गांवों और स्कूलों तक पहुंचाने में जुटी विज्ञान भारती की इस पहल की मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सराहना की।

नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में विज्ञान भारती के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री साय ने संस्था के प्रतिनिधियों से आत्मीय भेंट की। साथ ही उन्होंने जनजातीय अंचलों में विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के संस्था के प्रयासों की सराहना की। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान और नवाचार के प्रति जिज्ञासा नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। जनजातीय अंचलों के बच्चों को देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों से परिचित कराने से उनमें नई चीजों को जानने-समझने की रुचि बढ़ेगी और नई संभावनाओं के प्रति उत्सुकता विकसित होगी।

संस्था के प्रतिनिधि वर प्रसाद कोला ने मुख्यमंत्री को विज्ञान भारती की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विज्ञान भारती राष्ट्रीय स्तर की संस्था है, जिसका मुख्यालय नई दिल्ली में है। संस्था स्वदेशी विज्ञान आंदोलन के माध्यम से भारतीय वैज्ञानिक परंपरा और आधुनिक विज्ञान के बीच संवाद स्थापित करने का कार्य कर रही है। इसमें वरिष्ठ वैज्ञानिकों के साथ नई पीढ़ी के वैज्ञानिक भी जुड़े हुए हैं। इसरो, आईसीएमआर, जैव प्रौद्योगिकी विभाग तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग से जुड़े विशेषज्ञों का भी इसमें योगदान है।

श्री कोला ने बताया कि दूरस्थ अंचलों तक विज्ञान की जिज्ञासा पहुंचाने के लिए विज्ञान भारती ‘स्पेस ऑन व्हील’ पहल संचालित कर रही है। इस विशेष वाहन में इसरो द्वारा प्रक्षेपित उपग्रहों के मॉडल और अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी प्रदर्शन सामग्री रखी जाती है। वाहन के साथ मौजूद वैज्ञानिक और प्रशिक्षित शिक्षक बच्चों को उपग्रहों, अंतरिक्ष अभियानों और अनुसंधान की कार्यप्रणाली सरल भाषा में समझाते हैं। इस पहल के माध्यम से उन बच्चों को भी अंतरिक्ष विज्ञान को करीब से जानने और समझने का अवसर मिल रहा है, जिनके लिए वैज्ञानिक संस्थानों और प्रयोगशालाओं तक पहुंचना आसान नहीं है।

इस अवसर पर शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. कुशकुमार नायक तथा एनआईटी रायपुर के कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रोफेसर डॉ. दिलीप कुमार सिसोदिया भी उपस्थित रहे।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और भी

रायगढ़ को फिर मिली बड़ी सौगात: नवीन नर्सिंग महाविद्यालय के भवन के लिए 11.61 करोड़ की स्वीकृति, वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रयासों से वित्त विभाग ने दी प्रशासकीय स्वीकृति, जल्द शुरू होगा निर्माण

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें