शादी वाले घर में बेटे की मौत के सदमे में मां भी चल बसी, गांव में पसरा मातम

by Kakajee News

शादी वाले घर में दो मौतों से कोहराम मचा हुआ है। यह दोनों मौतें 11 दिन के अंदर हुई। पहले जवान बेटे की मौत हुई उसके बाद रविवार को उसकी मां भी सदमे की वजह से चल बसी। महिला के पोते की 20 मई को शादी तय है। इन दोनों मौत से दोनों घरों में मातम पसर गया है। अब किसी को समझ में नहीं आ रहा है कि शादी कैसे होगी। इन मौतों के बाद पूरे गांव में भी खौफ है।
गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र के कोल्हुई गांव निवासी रामसूरत के 41 वर्षीय पुत्र साधु की घर पर तबीयत बिगड़ी और 5 मई को ही उनकी मौत हो गई। बेटे की मौत के बाद मां को गहरा सदमा लगा। वह तभी से अवसाद में चली गई। मां की तबीयत खराब रहने लगी। घर में ही गुमसुम रहने लगी। परिवारीजन साधु के ब्रम्हभोज की तैयारी थे कि रविवार की सुबह उनकी मां 81 वर्षीय सोनमती की भी मौत हो गई। बेटे के बाद मां की मौत से एक बार फिर परिवार में मातम छा गया।
दुखों का पहाड़ इस वजह से और टूट पड़ा क्योंकि 20 मई को साधु के बेटे छोटू की शादी तय है। शादी से चार दिन पहले दादी की मौत से दोनों परिवार असमंजस में हैं। छोटू की शादी के बाद अगले महीने 16 जून को साधु की बेटी प्रीति की भी शादी तय है। इन दो मौतों ने साधु के परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ही गांव के लोगों को भी डरा दिया है।

Related Posts

Leave a Comment