हर एक हितग्राही को मिले महतारी दुलार योजना का लाभ-कलेक्टर, समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने दिए सभी विभागों को निर्देश

by Kakajee News

रायगढ़ । कोरोना से अपने माता-पिता को खो चुके बच्चों को महतारी-दुलार योजना अंतर्गत निजी और अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में भर्ती कराना है। जिले के हर एक ऐसे हितग्राही को शिक्षा के साथ छात्रवृत्ति का लाभ मिले यह सुनिश्चित करना शिक्षा विभाग के प्राथमिकता में होनी चाहिए। उक्त बातें कलेक्टर भीम सिंह ने समय-सीमा की बैठक में कही।


कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में कोरोना के कारण अपने माता-पिता को खोने वाले ऐसे बच्चों को चिन्हांकित करते हुये निजी व आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में एडमिशन कराने के साथ उन्हें हर महीने मिलने वाले छात्रवृत्ति की भी व्यवस्था करने के निर्देश शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दिए। इसके बाद कलेक्टर श्री सिंह ने 26 जून को जिले में हुए महा टीकाकरण अभियान की सफलता पर चर्चा की। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के सहयोग से ही यह अभियान सफल हुआ, जिसमें 75 हजार टीका के लक्ष्य के विरुद्ध 1 लाख 43 हजार 554 टीका एक ही दिन में लगाया गया। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि अभी यहीं पर नहीं रूकना है। टीकाकरण लगातार चलेगा और सभी ग्राम पंचायत और जिले के अरबन बॉड्जि को शत-प्रतिशत टीकाकरण करना है अंतिम लक्ष्य है, जिसे भी सभी के सहयोग से जल्द पूरा किया जाएगा।

कलेक्टर श्री सिंह ने लाकडाउन खत्म होने पर जिले के सभी तहसीलदारों को कोर्ट शुरू करने और राजस्व प्रकरणों की सुनवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान सभी तहसीलदारों को 2 साल पुराने मामलों को प्राथमिकता से निबटाने के निर्देश दिए। इसके बाद जिले की गोठान की स्थिति पर कलेक्टर श्री सिंह ने चर्चा की। उन्होंने कहा कि गोठान और चारागाह के लिए चिन्हांकित भूमि पर से कब्जा हटाने का काम सभी एसडीएम और तहसीलदार प्रमुखता से करें। इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में संचालित सभी गोठानों में आने वाले मवेशियों के लिए हरा चारा की व्यवस्था के लिए चारागाह स्थापित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि आने वाले एक माह के अंदर सभी गोठानों के समीप चारागाह स्थापित करने के साथ इसमें हरा चारा नेपियर उगाने की कार्य पूर्ण करें। बीते वर्ष की तुलना में इस वर्ष चारा उगाने के लक्ष्य को बढ़ाने के निर्देश वेटनरी विभाग के अधिकारियों को दिए गए।


कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि हर माह गोठान समितियों की बैठक करने और उसमें आय-व्यय की संपूर्ण चर्चा करने की बात कही। जिले के ऐसे गोठान समिति जो कार्य अच्छे से नहीं कर रहे हैं उन्हें चिन्हांकित करने के साथ बदलने के प्रस्ताव देने के निर्देश कलेक्टर श्री सिंह ने दिए। जिले के ऐसे गोठान जहां गडढ़े होने, बरसात में पानी भरने और कीचड़ होने की बात सामने आती है। ऐसे गोठानों के गड्ढ़ों को भरकर समतल करने और बरसात में कीचड़ न हो इसकी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। इसी तरह सभी गोठानों में सुपर कंपोस्ट बनाने की स्थिति की जानकारी ली गई। उन्होंने सुपर कम्पोस्ट के लिये गौठानों में अस्थायी शेड बनाने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने अस्थाई शेड निर्माण के लिए गोठान समितियों को बांस व बल्ली उपलब्ध कराने डीएफओ को निर्देशित किया। इसी तरह बरसात को ध्यान में रखते हुए जिले के बाढ़ क्षेत्रों का चिन्हांकन करने के निर्देश सभी एसडीएम व तहसीददार को दिए। उन्होंने आपदा एवं प्रबंधन के अंतर्गत बाढ़ से निबटने संसाधन जुटाने के साथ बाढ़ पीडि़तों को रखने सहित वृहद कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि बरसात में जलजनित रोग फैलने की बातें सामने आती है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी गांव के मितानिन को पानी शुद्धिकरण के लिए जागरूकता लाने क्लोरिन टेबलेट बंटवाने के साथ डायरिया आदि के इलाज कीट की व्यवस्था करने के निर्देश सीएमएचओ डॉ.एस.एन.केशरी को दिए। बैठक में एडीएम श्री राजेन्द्र कटारा, निगम आयुक्त श्री एस.जयवर्धन, जिला पंचायत सीईओ डॉ.रवि मित्तल सहित सभी विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।


जिले के 118 पंचायत हुये शत-प्रतिशत टीकाकृत
रायगढ़ जिले के 118 ग्राम पंचायत शत-प्रतिशत टीकाकृत हो चुके है। जिसमें पुसौर विकासखण्ड के 41, रायगढ़ के 28, तमनार के 17, सारंगढ़ के 10, खरसिया के 10, बरमकेला के 4, धरमजयगढ़ के 7 एवं लैलूंगा के एक ग्राम पंचायत शामिल है।


रोका-छेका अभियान 1 जुलाई से
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि राज्य शासन द्वारा खेतो में लगे फसल को मवेशियों से बचाने रोका-छेका अभियान 1 जुलाई से शुरू किया जाएगा। इसके लिए सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा की बैठक होनी चाहिए। बैठक में अभियान के तहत किए जाने वाले कार्यों की जानकारी के साथ सभी ग्राम वासियों को अपने मवेशियों को गोठान में भेजने के लिए प्रेरित करने के निर्देश कलेक्टर श्री सिंह ने दिए।


हाट-बाजार क्लीनिक व शिविर करें शुरू
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि लाक डाउन हट गया है। इसलिए अब स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित हाट-बाजार क्लीनिक का संचालन कर लोगों को इसका लाभ मिलना चाहिए। इसी तरह जिले के सभी मेडिकल मोबाइल यूनिट का संचालन कर लोगों को मुफ्त जांच और इलाज सुविधा देने के निर्देश कलेक्टर श्री सिंह ने दिए। कलेक्टर ने एमएमयू से सभी तरह के खून व पेशाब जांच होने सुनिश्चित करने के निर्देश सीएमएचओ डॉ. केशरी को दिए। इसी तरह समाज कल्याण के अंतर्गत दिव्यांगों के इलाज व जांच के लिए शिविर लगाने और इसकी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।


जुलाई में करें पौधरोपण कार्य पूर्ण
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने पौधरोपण की कार्ययोजना पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने खाली पड़े शासकीय भूमि पर अधिक से अधिक मुनगा पौधे लगाने और आगे चलकर इससे औषधि के रूप कार्य में लेने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में जुलाई में पौधरोपण कार्य पूर्ण करने के निर्देश संबंधित सभी विभाग को दिए। इसी तरह धान के बदले पौधरोपण करने के फायदे को किसानों में प्रचार-प्रसार करने और उनमें जागरूकता लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने धान के बदले दलहन-तिलहन और पौधरोपण के लिए तय लक्ष्य से भी ज्यादा कार्य करने की बात कृषि विभाग के अधिकारियों से कही।


अनुकंपा नियुक्ति और एनएच मुआवजा प्रकरण निबटाएं जल्द
कलेक्टर श्री सिंह ने समय-सीमा की बैठक में अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों के कार्य में तेजी लाने की बात कही। कलेक्टर श्री सिंह ने एनएच निर्माण व उद्योग स्थापित करने पर लंबित मुआवजा प्रकरणों को जल्द से जल्द निबटाने और हितग्राहियों को लाभ देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

Related Posts

Leave a Comment