बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने के लिए 31 दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगे छात्र

by Kakajee News

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल की हाई स्कूल, हायर सेकेण्डरी, हायर सेकेण्डरी व्यावसायिक मुख्य परीक्षा शैक्षणिक सत्र 2020-21 के लिए परीक्षा आवेदन पत्र सामान्य शुल्क के साथ अब 31 दिसंबर तक जमा होंगे। अभी तक यह तिथि 15 दिसंबर निर्धारित थी। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल के सचिव प्रो. व्ही.के. गोयल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि आवेदन पत्र मण्डल की वेबसाइट www.cgbse.nic.in पर ऑनलाइन जमा किए जाएंगे। शुल्क गत वर्ष अनुसार ही निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि समस्त छात्र निर्धारित समय-सीमा में मुख्य परीक्षा 2020-21 के लिए आवेदन करें। ओपन स्कूल से हाईस्कूल और हायर सेकंडरी परीक्षा के लिए फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 5 जनवरी
छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल से हाई स्कूल और हायर सेकंडरी की परीक्षा देने के इच्छुक 5 जनवरी 2021 तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल द्वारा आयोजित मुख्य परीक्षा-2021 के लिए परीक्षार्थियों के लगातार बढ़ते रूझान को देखते हुए अध्ययन केंद्रों में बिना विलंब शुल्क के परीक्षा आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 5 जनवरी निर्धारित की गई है।
राज्य ओपन स्कूल द्वारा मुख्य परीक्षा- 2021 के लिए विवरणिका और परीक्षा आवेदन फॉर्म सभी अध्ययन केंद्रों को वितरित किए जा चुके हैं। प्रदेश भर में स्थित अध्ययन केंद्रों को इसके लिए अब तक करीब दस हजार आवेदन फॉर्म वितरित किए गए हैं। इसके साथ ही अब छात्र भी आनलाइन आवेदन के लिए जुट गए हैं। कोरोनावायरस संक्रमण की वजह से इस साल स्कूल नहीं लग पाए और छात्रों को आनलाइन पढ़ाई करनी पड़ी। अब परीक्षा की घड़ी है और छात्र में इसमें जोर- शोर से जुटे हुए हैं।

Related Posts

Leave a Comment