नए मकान के निर्माण कार्य में हादसा, करंट की चपेट में आने से दो श्रमिकों की मौत , कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

by Kakajee News

रायगढ़. रायगढ़ जिला मुख्यालय से लगभग 6 किलोमीटर दूर वृंदावन कालोनी में आज सुबह मकान के निर्माण कार्य के दौरान 11 हजार वोल्ट करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से वहां काम कर रहे दो श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई और कुछ मजदूर बाल-बाल बच गए। इस घटना की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर भीम सिंह ने मौके पर रायगढ़ एसडीएम सहित एक जांच टीम को भेजा है, और दो 24 घंटे के भीतर पूरी रिपोर्ट भी तलब की है। बताया जा रहा है कि मकान मालिक व ठेकेदार की लापरवाही से यह घटना घटी है। दोनों मजदूरों की मौत के बाद कोतरा रोड़ थाने की टीम ने भी मामला दर्ज करते हुए ठेकेदार को तलब किया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार खरसिया रोड़ स्थित वृंदावन कॉलोनी में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था जो हाई टेंशन तार के करीब से लगा हुआ था और वहां बिना किसी सुरक्षा के मकान के निर्माण कार्य के दौरान काम करते हुए दो श्रमिक हाई टेंशन तार की चपेट में आ गए जिससे दोनों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मृतक दोनों श्रमिक रायगढ़ जिले के सारंगढ़ क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मृतकों में एक किशोर कुमार निषाद निवासी ग्राम घुता तथा दूसरा चेतन बैष्णव ग्राम अंडोला के रहने वाले हैं। फिलहाल कोतरा रोड पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
इस घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर भीम सिंह ने जांच के आदेश देते हुए मौके पर रायगढ़ एसडीएम युगल किशोर उर्वसा के नेतृत्व में एक टीम बनाकर भेजा है जिसमें नगर निगम के प्रभारी आयुक्त सहित अन्य अधिकारी शामिल है इसके अलावा विद्युत विभाग के ईई भी उनके साथ पहुंच चुके हैं। दोनों मजदूरों की मौत के बाद कोतरा रोड़ थाना प्रभारी चमन सिन्हा ने भी एफआईआर दर्ज करते हुए ठेकेदार व मकान मालिक को थाने में तलब किया है।
बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन मकान अनिल केडिया नामक व्यापारी है और इस मकान का निर्माण कार्य ठेकेदार मुकेश गोयल के हाथो में था। इसी बीच दोनों मजदूरों की मौत के बाद मृतक के परिजनों ने मुआवजे की मांग करते हुए पंचनामा कार्य भी रोके रखा है। चूंकि मृतक मजदूर चेतन दास वैष्णव के 7 बच्चे थे और वहीं दूसरे मजदूर किशोर के भी दोनों बच्चे अनाथ हो गए हैं।

Related Posts

Leave a Comment