गाजियाबाद में मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर सोमवार देर रात गलत दिशा में आ रहे मिनी ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दंपती समेत पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 11 साल की बच्ची और एक साल का मासूम भी शामिल है। एक महिला और एक चार साल का बच्चे की हालत गंभीर है। उनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मिनी ट्रक चालक की एक गलती ने हंसते खेलते दो परिवारों को उजाड़ दिया। बेटे का मुंडन कराने के बाद आशीष अपने साढ़ू और उसके परिवार के साथ जश्न मनाकर लौट रहे थे। उन्हें नहीं पता था कि किसी दूसरे ड्राइवर की गलती उन्हें घर पहुंचने ही नहीं देगी। बेटे की मुंडन की खुशी अब मातम में बदल गई। मसूरी थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मिनी ट्रक चालक बबलू इंटरनेट वायरिंग के पाइप लेकर दादरी से वाया लालकुआं मेरठ जाने के लिए हाईवे पर चढ़ा था। बबलू ने पुलिस को बताया कि डासना आकर वह रास्ता भटक गया।
लोगों से रास्ता पूछा तो उन्होंने वापस जाकर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के ऊपर आने को कहा। बबलू यूटर्न लेकर वापस गया और वेदांता फार्म हाउस के पास से एक्सप्रेस-वे पर गलत दिशा में चल दिया। बीच में कट न मिलने की वजह से वह गलत दिशा में ही चलता रहा और कलछीना के पास आशीष की कार से भिड़ंत हो गई।
ट्रक की स्पीड काफी तेज थी, जिससे घटना के समय वह नियंत्रण नहीं कर पाया और कार में जा घुसा। घटना के समय कोई नहीं था, इसका फायदा उठाकर वह भागने लगा, लेकिन भोजपुर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
