बिलासपुर।अंबिकापुर जिले के नमनाकला निवासी एक युवती कथित गूगल पे अधिकारी की बातों में आकर ठगी का शिकार हो गई। ठग ने उसे गूगल पे की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर माई डेस्क एप डाउनलोड करने के लिए कहा था। इसके बाद ठग ने युवती का एटीएम कार्ड स्कैन कराया और उसके खाते से नौ हजार 943 रुपये की ठगी की वारदात को अंजाम दे दिया। खाते से राशि कटने की जानकारी मिलने पर जब युवती ने जालसाज के मोबाइल नंबर पर फोन किया तो पहले वह गुमराह करता रहा और बाद में उसने फोन उठाना ही बंद कर दिया।
पुलिस ने बताया कि नमनाकला निवासी सीमा सिंह (22) पिता लक्ष्मी सिंह के मोबाइल फोन पर 21 दिसंबर को दिन में लगभग 11.40 बजे अज्ञात मोबाइल धारक ने फोन किया। उसने स्वयं को गूगल पे के कस्टमर केयर का अधिकारी बताया। उसने युवती से कहा कि उसे गूगल पे की लिमिट बढ़ानी पड़ेगी, नहीं तो आने वाले समय में उसे इसका लाभ नहीं मिल पाएगा। युवती उसके झांसे में आ गई और वह उसके द्वारा बताए गए प्रक्रिया को पूरा करती गई। कार्ड स्कैन करने की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसके खाते से पल भर में नौ हजार 943 रुपये की कटौती हो गई, तो उसके होश उड़ गए। ठगी का एहसास होने पर उसने जालसाज से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन रकम की वापसी नहीं हो पाई। घटना की जानकारी सिटी कोतवाली पुलिस को दी गई है जिस पर पुलिस ने धारा 420 का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
280
