संस्कार स्कूल में विराजे गणपति बप्पा,बच्चों ने बनाई गणेशजी की इको फ्रेंडली मूर्तियां

by Kakajee News

रायगढ़। भाद्र शुक्ल पक्ष की चतुर्थी यानी गणेश चतुर्थी पर शुक्रवार को शहर की प्रसिद्ध शैक्षणिक संस्था संस्कार स्कूल में भी विधि-विधान से गणपति बप्पा की मूर्ति स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई। साथ ही बच्चों ने अपने-अपने घरों में मिट्टी, कागज व अन्य सामग्री से इको फ्रेंडली मूर्तियां बनाकर पूजा-अर्चना की।


स्कूल के मार्गदर्शक रामचंद्र शर्मा ने बताया कि हमारी संस्था में हर धर्म के तीज-त्यौहारों पर विशेष आयोजन किए जाते हैं, इसके माध्यम से बच्चों को हमारे देश के विभिन्न प्रांतों की कला, संस्कृति व देश की एकता में विभिन्नता के मूल सिद्धांत से अवगत कराया जाता है।

इसी कड़ी में गणेशोत्सव भी मनाया जाता है। शुक्रवार को गणेश चतुर्थी पर स्कूल परिसर में भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित की गई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान पूरा स्कूल परिसर भगवान गणेश के जयकारे से गूंज उठा। पूजा में स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं व स्टाफ शामिल हुआ।


बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, बनाई इको फ्रेंडली मूर्ति
गणेश चतुर्थी पर संस्कार स्कूल के बच्चों ने मिट्टी, कागज व अन्य सामग्री से भगवान गणेश की इको फ्रेंडली मूर्तियां बनाईं और उसके फोटो स्कूल के फेसबुक, व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर किए, जिसे शहरवासियों की भरपूर सराहना मिली। स्कूल की प्राचार्य श्रीमती रश्मि शर्मा ने बताया कि चूंंकि भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमा को नदी-तालाबों में विसर्जित कर दिया जाता है। प्लास्टर ऑफ पेरिस व हानिकारक रंगों से नदी का पानी प्रदूषित होता है। नदी में रहने वाले जीव-जन्तु का इन रंगों का विपरीत प्रभाव पड़ता है। इसलिए प्रदूषण के प्रति बच्चों को जागरूक करने यह काम्पीटिशन रखा गया था, जिसमें बच्चों ने उत्साह से हिस्सा लिया और मिट्टी, कागज आदि से इको फ्रेंडली प्रतिमा बनाकर लोगों को स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया। 

Related Posts