राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने स्वयंसेवक राजधानी रायपुर रवाना, एनएसएस स्थापना दिवस पर राज्यपाल के हाथों होगा श्रेष्ठता सम्मान

by Kakajee News


रायगढ़ | शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ के स्वयंसेवकों का दल जिला संगठक भोजराम पटेल के नेतृत्व में एनएसएस स्थापना दिवस कार्यक्रम एवं राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में शामिल होने रायगढ़ रेलवे स्टेशन में साउथ बिहार एक्सप्रेस द्वारा राजधानी रायपुर के लिए रवाना हुए।

विदित हो कि 24 सितंबर को राजधानी रायपुर के प्रतिष्ठित दीनदयाल ऑडिटोरियम में राज्यपाल सुश्री अनुसुइया उइके के मुख्य आतिथ्य एवं उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल की अध्यक्षता, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव एवं आयुक्त के विशिष्ट आतिथ्य तथा राज्य एनएसएस अधिकारी डॉ. समरेंद्र सिंह की विशिष्ट उपस्थिति एवं रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति व रासेयो पदाधिकारियों की सहभागिता में राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न होगा । पिछले डेढ़ साल से वैश्विक महामारी कोरोना की वजह से स्थगित सामूहिक कार्यक्रमों को देखते हुए इस बार राज्य स्तरीय कार्यक्रम को लेकर स्वयंसेवकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

हालाकि इस आयोजन में भी कोविड-19 के निर्धारित गाइडलाईन एवं का पालन करने हेतु सहभागियों को सख्त निर्देश दिया गया है । रायपुर रवाना हो रहे स्वयंसेवकों को रेलवे स्टेशन रायगढ़ में विश्वविद्यालय कार्यक्रम समन्वयक डॉ.सुशील कुमार एक्का, कार्यक्रम अधिकारी ताम्रध्वज साय पैंकरा, प्रीति तन्ना टाक, श्रीमती नीति देवांगन, डॉ.गजेंद्र चक्रधारी, श्रीमती पुष्पांजलि दासे ने सफल यात्रा की अपनी शुभकामना देते हुए बधाई देेेकर रवाना किया ।


रायगढ़ से राज्य पुरस्कार के लिए ये हुए है चयनित ….

शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ से राज्य स्तर पर संस्थागत पुरस्कार के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तारापुर (कार्यक्रम अधिकारी भोजराम पटेल ) स्वयंसेवक स्तर पर पुरस्कार हेतु छात्रा कुमारी खुशबू साहू (किशोरी मोहन त्रिपाठी कन्या महा. रायगढ़), नीरज सहिस (किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रायगढ़ ), कु.चांद चौहान (शास.उच्च.माध्य.विद्या.बड़े भण्डार) चयनित हुए है। जबकि नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय के अंतर्गत जांजगीर-चांपा जिला से महाविद्यालय नवागढ़ के कार्यक्रम अधिकारी स्नेहा थवाईत भी पुरस्कार हेतु चयनित हुई है ।


सांस्कृतिक कार्यक्रम की भी होगी प्रस्तुति….

राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण एवं एनएसएस स्थापना दिवस कार्यक्रम के अवसर पर प्रत्येक विश्वविद्यालय को सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति का अवसर दिया जायेगा जिसमें शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ से स्नेहा थवाईत के मार्गदर्शन में जांजगीर चांपा एवं रायगढ़ जिला के स्वयंसेवक छत्तीसगढ़ी संस्कृति पर आधारित सामूहिक नृत्य “बारह मासी ” प्रस्तुत करने जा रहे हैं । राज्य स्तरीय आयोजन के सांस्कृतिक कार्यक्रम दल में रायगढ़ जिला के किशोरी मोहन त्रिपाठी कन्या महाविद्यालय से कुमारी खुशबू साहू, अंजलि जायसवाल, पी.डी. कॉमर्स कॉलेज से संजीव साहू, श्रुति साहू, बटमूल कॉलेज महापल्ली से कार्तिक मिर्धा किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रायगढ़ से योगेश कुमार साहू, झनेंद्र कुमार राठिया कु.चांद चौहान (शास.उच्च.माध्य. विद्या. बड़े भण्डार) स्वयंसेवकों के साथ श्रीमती धनमती पटल भी शामिल हो रही हैं।

Related Posts

Leave a Comment