ये कैसी विडंबना, यहां एक यूनिट ब्लड की कीमत 6 हजार रूपये, परिजनों ने गहने गिरवी रख खरीदा खून, जानिये कहां है पूरा मामला

by Kakajee News

डेस्क न्यूज। अस्पताल में प्रसव को आई महिला के लिए परिजनों को जेवर गिरवी रखकर खून खरीदना पड़ा। 6000 रुपये देकर एक यूनिट ब्लड खरीदने का मामला प्रकाश में आया है।


जानकारी के अनुसार नगर ऊंटारी के बिलासपुर गांव निवासी विकास पासवान की पत्नी पूजा को बुधवार को सदर अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था। डॉ पुष्पा कुमारी ने पूजा को एक यूनिट ब्लड चढ़ाने की सलाह दी। परिजन ब्लड के लिए भटकते रहे, पर व्यवस्था नहीं हो सकी। गुरुवार को एक दलाल ने छह हजार रुपये में एक यूनिट ब्लड उपलब्ध कराने की बात कही। उसके साथ पूजा के देवर अरुण पासवान व जीजा राजू पासवान आरोग्यम अस्पताल स्थित ब्लड बैंक गए। वहां से छह हजार रुपये देकर एक यूनिट ब्लड खरीदा।

आरोग्यम अस्पताल में ब्लड बैंक चलाने वाले राजेश कुमार ने बताया कि एक यूनिट ब्लड के लिए सर्विस चार्ज के तौर पर नियमानुसार 1500 रुपये लिए गए हैं। खून के बदले खून देने को कहा गया है, पर अभी तक नहीं दिया गया है। इधर, पूजा की सास अमरावती देवी ने बताया कि वह बहू के प्रसव के लिए सदर अस्पताल लेकर आई थीं। घर की माली हालत ठीक नहीं है।

यह सोचकर सदर अस्पताल लाया था कि यहां पैसे खर्च नहीं होंगे। यहां आने पर पता चला कि खून खरीदना पड़ेगा। अन्य जांच भी करानी होगी। बहू के इलाज के लिए 20 हजार रुपये में अपने गहने गिरवी रख दिए। छह हजार रुपये ब्लड खरीदने में लगे। अल्ट्रासाउंड में भी पैसे लगे। अब जो पैसे बचे हैं, वह बहू की दवाएं खरीदने के लिए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर सांसद प्रतिनिधि प्रमोद चौबे, चंदन जायसवाल और संजय ठाकुर सहित कई अन्य भाजपा नेता अस्पताल पहुंचे। पूजा के परिजनों से मिलने के बाद उन्होंने पूरी घटना पर गहरी नाराजगी जतायी है।

सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने कहा, मामले की जानकारी मिली है। सभी बिंदुओं पर जांच की जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

Related Posts

Leave a Comment