बादलों ने रोकी ठंड की रफ्तार

by Kakajee News

ठंड की बढ़ती रफ्तार पर बादलों ने लगाम लगा दिया है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण आए बादलों के कारण न्यूनतम और अधिकतम पारा दिन में बढ़ोत्तरी हुई है। सोमवार की सुबह न्यूनतम पारा एक बार फिर 14 पर पहुंच गया। इस वजह से सुबह जरूर हल्की ठंड महसूस हुई। लेकिन दोपहर होते-होते गरम कपड़े भारी लगने लगे थे।
पश्चिमी विक्षोभ का असर शहर में भी बना हुआ है। आसमान पर लगातार बादल मंडरा रहे हैं। बूंदाबांदी के भी आसार नजर आ रहे हैं। इसी वजह से न्यूनतम पारा ऊपर पहुंच गया है लेकिन उत्तर की ओर से आने वाली हवाएं रात से लेकर सुबह तक अभी भी ठिठुरा रही हैं। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बादलों के साफ होने पर जैसे ही पारा नीचे आएगा ठंड एक बार फिर जोर पकड़ेगी। इसके साथ ही दिन का पारा भी सामान्य हो सकता है जिसके कारण धूप की चुभन कम होने की संभावना है। फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ बनते ही उत्तर की ओर से आने वाली हवाओं को रुख भी बदलकर पश्चिमी हो गया है। इसी वजह से हवाओं में हल्की गरमाहट है और ठंड बेअसर साबित हो रही है। हालांकि उत्तर भारत में बर्फबारी लगातार जारी है लेकिन हवाओं की दिशा बदलने के कारण उनका असर शहर तक नहीं पहुंच रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक-दो दिन तक मौसम इसी तरह रहेगा। उसके बाद ही बदलाव की संभावना है। इस बीच हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना भी है। लेकिन जैसे ही आसमान साफ होगा एक बार फिर गलाव वाली ठंड का एहसास हो सकता है।

Related Posts

Leave a Comment