परिवार न्यू ईयर पार्टी मनाने गया, चोरों ने 35 लाख के गहने पार कर दिए

by Kakajee News

कानपुर में नजीराबाद थाने से 500 मीटर दूर स्थित अशोक नगर जैसे पॉश इलाके में चोरों ने केबिल संचालक के घर का ताला तोड़कर नगदी, जेवर समेत 35 लाख का माल पार कर दिया। केबिल संचालक पत्नी और बच्चों के साथ न्यू ईयर की पार्टी मनाने कैंट गए थे। देर रात जब घर लौटे तो घटना की जानकारी हुई।
अशोक नगर निवासी बृजेंद्र चतुर्वेदी केबल टीवी संचालक है। रविवार देर शाम वह पत्नी और बेटियों के साथ कैंट में न्यू ईयर की पार्टी मनाने गए थे। इस दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी और लॉकर में रखे नगदी जेवर समेत करीब 35 लाख का माल पार कर दिया। देर रात घर लौटे तो बिखरा सामान और टूटे ताले देखकर घटना की जानकारी हुई। सूचना पर नजीराबाद इंस्पेक्टर ज्ञान सिंह और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। इंस्पेक्टर ने बताया कि रात में केबिल संचालक गेट के ताले खोलकर घर में दाखिल हुए थे। आखिर चोर वहां तक कैसे पहुंचे जबकि केवल उसी कमरे का लॉक टूटा हुआ है जिसमें नगदी और जेवर रखे हुए थे। मामले की जांच की जा रही है आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी जुटाए जा रहे हैं। कारोबारी की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

Leave a Comment