रायगढ़। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा ब्लाक में स्थित छोटे गुमडा व आश्रित ग्राम कटंगडीह के ग्रामवासी वहां स्थित टीआरएन कंपनी की वादाखिलाफी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
एक ज्ञापन के माध्यम से छोटे गुमडा में आश्रित ग्राम कटंगडीह के लोगों का यह आरोप है कि टीआरएन कंपनी द्वारा उनकी सड़क पर कब्जा कर लिया गया है। चूंकि इस सड़क में ग्रामवासी मवेशी चराने के साथ-साथ अन्य कार्य के लिये उपयोग करते थे। इस पूरे मामले में कंपनी प्रबंधन द्वारा ग्रामवासियों का आश्वासन दिया गया था कि कंपनी गांव वासियों के लिये अलग से सड़क बनाने के साथ-साथ मवेशियांे को चराने की जगह का विकास करेंगे और गांव में बिजली पानी जैसी मूलभूत समस्याओं का हल होगा।
अपने शिकायत में ग्रामवासियों ने बताया कि टीआरएन कंपनी ने इन सभी वादों को रद्दी के टोकरी में डालते हुए ग्रामवासियों के साथ वादाखिलाफी की है। उनका यह भी आरोप था कि जिस सड़क पर उनके मवेशी तथा ग्रामवासी आना जाना करते हैं वहां कोयले से भरी गाड़ियां चलने से दुर्घटनाओं में इजाफा हुआ है। बार-बार आग्रह करने के बावजूद कंपनी प्रबंधन द्वारा कोई पहल नही करने से अब जल्द ही कंपनी के खिलाफ ग्रामवासी सड़कों पर उतरेंगे और साथ ही साथ आर्थिक नाकेबंदी करते हुए कंपनी के सभी परिवहन कार्यो को रोकेंगे।
इस संबंध में ग्रामवासियों ने घरघोड़ा एसडीएम के साथ-साथ थाना प्रभारी को भी पत्र की कापी भेजी है और कहा है कि आगामी बुधवार को पूरी एकजुटता के साथ ग्रामवासी सड़कों पर उतरकर टीआरएन कंपनी के खिलाफ बड़े आंदोलन का शंखनाद करेंगे।
