जशपुर। रायगढ़ जिले की सीमा से लगे पत्थलगांव वन परिक्षेत्र का कटंगजोर गांव में आज सुबह एक किसान के खेतों में बने कुएं में गिरे हाथी शावक को जेसीबी की मदद से सुरक्षित निकाल कर जंगल में छोड़ दिया है। देर रात अपने दल के साथ विचरण करने के दौरान ये नन्हा हाथी शावक को कुऐं में गिर गया था और उसे कुएं से बाहर निकालने का रास्ता बनाने में वन अमला और ग्रामीणों को कई घंटों तक भारी मशक्कत करनी पड़ी थी लेकिन 8 घंटे के बाद हाथी शावक सकुशल कुएं से निकल कर जंगल चले जाने से सभी लोगो ने राहत की सांस ली ।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले सहित जशपुर, अम्बिकापुर, कोरबा के अलावा अन्य जिलों में तेजी से जंगली हाथियों की संख्या बढ़ती जा रही है साथ साथ इनके शावक भी बढ़ रहे हैं। लगातार इनके अलग अलग जगहों में विचरण करने के कारण दुर्घटना भी हो रही है। कल जिले से लगे पत्थलगांव के कटंगजोर गांव के समीप देर रात को 12 हाथियों का दल विचरण कर रहा था. कड़कड़ाती ठंड के दौरान गांव में हाथियों का बड़ा दल पहुंचने की सूचना मिलते ही गांव में दहशत फैल गई थी। इन हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने के दौरान अचानक एक नन्हा हाथी बच्चा किसान के कुऐं में गिर गया। इस हाथी बच्चें की चिंघाड़ सुनकर हाथियों का पूरा दल कुऐं के समीप एकत्रित हो गया था. हाथियों ने अपने दल के सदस्य को बाहर निकालने का काफी प्रयास किया , पर वे सफल नहीं हो सके। इस मामले में गांव के पूर्व सरपंच ने बताया कि हमारे गांव कटंगखार में बीती रात एक हाथी कुंए में गिर गया था। गांव वाले एवं वन विभाग की टीम ने जेसीबी की मदद से हाथी को बाहर निकाला गया। हम सभी को बहुत खुशी है कि हमने हाथी को सकुलश बाहर निकाला।
गांव के कुंए में हाथी शाव के गिर जाने के बाद इस संबंध में जानकारी देते हुए क्षेत्र के रेंजर ने बताया कि 12 जंगली हाथियों का दल लुडेग वन परिक्षेत्र कटंगजोर के आसपास विचरण कर रहा था बीती रात लगभग 12 बजे के आसपास वन विभाग की टीम हाथियों की पीछे तरफ से निकरानी कर रहा था इसी दौरान ग्रामीणों के हो हल्ला करने के दौरान उसमें से एक हाथी कुंए में गिर गया। जिसके बाद रात को ही उसे कुंए से बाहर निकालने का प्रयास किया गया परंतु सफलता नही मिल पाई थी। जिसके बाद डीएफओ के मार्गदर्शन में आज सुबह फिर से हाथी को निकालने रेस्क्यू किया गया, और तड़के करीब 8 बजे हाथी को कुंए से सकुशल निकालकर वापस जंगल की ओर छोड़ दिया गया।
देर रात को इस हाथी के कुंए में गिर जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला भी मौके पर पहुंच गया और मदद के उपाय शुरू कर दिऐ थे। अंततःआज सुबह आठ बजे कुंऐं में गिरे इस हाथी को जेसीबी की सहायता से बाहर निकाला गया. कुऐं से बाहर निकल कर इस हाथी ने एक ग्रामीण को सूढ़ से पटक कर घायल भी कर दिया था लेकिन बचाव दल ने हार नहीं मानी।
