रायगढ़। सोमवार की सुबह रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बोतल्दा के पास एक तेज रफ्तार कार चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाईक सवार महिला व पुरूष को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिन्हें उपचार हेतु खरसिया सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक खरसिया विधानसभा के ग्राम बोतल्दा के राॅक गार्डन के सामने सोमवार की सुबह तकरीबन 9 बजे एक अर्टिका कार क्रमांक सीजी 13 एआर 9980 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाईक सवार महिला पुरूष को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। आसपास मौजूद लोगों के द्वारा 112 की मदद से दोनों को खरसिया सिविल अस्पताल भर्ती कराया गया हैं, जहां दोनों का उपचार जारी है।
सड़क दुर्घटना में घायल महिला पुरूष अभी बात करने की स्थिति में नही होनें के कारण उनका नाम पता नही चला सका है। बताया जा रहा है कि सड़क दुर्घटना में घायल महिला पुरूष नवगठित शक्ति जिले के ग्राम नवापारा निवासी है, जो आज किसी काम के सिलसिल में निकले थे और इस दौरान यह घटना घटित हो गई।


