इस बार पड़ेगी प्रचंड गर्मी! सभी राज्य कर लें तैयारी, केंद्र ने किया अलर्ट

by Kakajee News

दिल्ली-एनसीआर में अब एक बार फिर गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा है. आलम यह है कि रविवार को अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था.
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2-3 दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी होगी. हालांकि इसके बाद एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिमी भारत को प्रभावित करेगा, जिससे तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को एक उच्च स्तरीय बैठक की. इसमें बताया गया कि इस साल सामान्य से अधिक गर्मी पड़ने और मार्च के आखिरी सप्ताह में सिंधु-गंगा मैदान एवं पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक तापमान दर्ज किए जाने की संभावना है.

अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक
कैबिनेट सचिव राजीव गौबा की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में आईएमडी ने बताया कि पूर्वी एवं मध्य भारत और पूर्वोत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों एवं पश्चिमोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है.
गर्मियों के असर को कम करने के लिए बैठक

आईएमडी ने गर्मियों के असर को कम करने के लिए उठाए जा सकने वाले कदमों की समीक्षा के लिए बुलाई गई बैठक में बताया कि मार्च के अंत में सिंधु-गंगा के मैदान और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज होने की संभावना है.

सभी राज्य करें तैयारी: मौसम विभाग
आधिकारिक बयान के अनुसार, कैबिनेट सचिव ने रेखांकित किया कि चूंकि तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, इसलिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को इससे निपटने के लिए पर्याप्त तैयारी करनी चाहिए.

दिल्ली की सुबह भी गर्म
राजधानी दिल्ली में मंगलवार को सुबह-सुबह गर्मी रहने के साथ ही न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी. आईएमडी के अनुसार, अधिकतम तापमान के 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. वायु गुणवत्ता एवं मौसम पूर्वानुमान, अनुसंधान प्रणाली (सफर) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) मध्यम श्रेणी में (150) रहा.

Related Posts

Leave a Comment