मकरसक्रांति पर हुआ अनोखा प्रदर्शन, काली पतंग उड़ाकर कांग्रेसियों ने किया केन्द्र सरकार का विरोध, कृषि कानून वापस लेने लगाए गए नारे

by Kakajee News

रायगढ़. देश के अन्नदाता किसानों के द्वारा देश की राजधानी दिल्ली में आंदोलन किया जा रहा है। जहां किसानों को कांग्रेस के द्वारा लगातार समर्थन दिया जा रहा है। वहीं आज शहर के नटवर स्कूल मैदान में केन्द्र सरकार के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया गया। यहां कांग्रेसियों ने काली पतंग उड़ा कर काला कानून वापस लेने के लिए नारेबाजी भी किया और कहा कि किसानों के हित में कांग्रेस लगातार विरोध प्रदर्शन करेगी।
गुरूवार की सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे काफी संख्या में कांग्रेसी पदाधिकारी व कार्यकर्ता नटवर स्कूल मैदान में उपस्थित हुए। यहां उन्होंने केन्द्र की बीजेपी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए काले रंग की पतंग को उड़ा कर अपना अनोख विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी शहर के पूर्व अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी ने कहा कि किसान केन्द्र सरकार के नए कृषि निति, कानून को लेकर काफी परेशान हैं। किसान अपनी फसल काटने के बाद लोहड़ी व मकरसंक्राति का पर्व काफी उत्साह से मनाते हैं, लेकिन आज यह स्थिति है कि इतने ठंड में सडक़ों पर कई दिनों से जमे हुए हैं और इस तरह से उन्हें त्यौहर मनाना पड़ रहा है। इस कृषि कानून को प्रधानमंत्री ने बिना किसानों के सहमति से बिना किसानों से कोई चर्चा किए केवल अपने उद्योगपति साथियों के हित के लिए जो कानून लाए हैं उसे तत्काल वापस लेना चाहिए। इसका विरोध करने के लिए आज हम मोदी जी के विरोध में काला पतंग उड़ा कर प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं पूर्व महापौर जेठूराम मनहर का कहना था कि किसान दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं और इस कानून को वापस लेने के लिए बरांबर मोदी सरकार को प्रार्थना कर रहे हैं उसके बाद भी केन्द्र सरकार की आंखे नहीं खुल रही है और हम काली पतंग उड़ा कर इस कानून को वापस लेने के लिए विरोध कर रहे हैं। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह महामंत्री नगेन्द्र नेगी, संतोष राय, पूर्व महापौर जेठूराम मनहर, प्रदेश सचिव अनिल अग्रवाल, सतपाल बग्गा, मनोज सागर, पार्षद संजय देवांगन, प्रदीप मिश्रा, नारायण घोरे, कुलदीप नरसिंग सहित अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related Posts

Leave a Comment