रात में अचानक जंगली हाथियों ने गांव में दी दस्तक, आधे दर्जन से अधिक गांव में दहशत, अभी भी क्षेत्र में विचरण कर रहे गजराज…..पढ़िये पूरी खबर

by Kakajee News

रायगढ़। शुक्रवार की रात खरसिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम छोटे डूमरपाली में उस वक़्त हड़कंप की स्थिति हो गई जब जंगली हाथियों के एक दल ने गांव में दस्तक दी। करीब एक दर्जन के करीब जंगली हाथियों को देखकर ग्रामीण डर के मारे अपने-अपने घरों में रहना ही मुनासिब समझे।

 

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र के छाल रेंज के जंगलों में पिछले लंबे अरसे से जंगली हाथियों की मौजूदगी है। इस क्षेत्र के जंगलों में विचरण करने वाले जंगली हाथी आये दिन आसपास के गांव में भी पहुंच कर उत्पात मचाते हैं। काकाजी डॉट कॉम को मिली जानकारी के मुताबिक छाल रेंज कोरबा वन परिक्षेत्र से जुड़ा हुआ है और जंगली हाथी का दल कभी कोरबा तो कभी रायगढ़ जिले की सीमा में आते जाते रहते हैं।

 

शुक्रवार की रात करीब 9 बजे जंगली हाथियों का एक दल अचानक जंगलों से निकलकर खरसिया क्षेत्र के ग्राम छोटे डूमरपाली पहुंच गया। गांव के ग्रामीणों ने काका जी डॉट कॉम को बताया कि उन्हें ज़रा भी यकीन नही था जंगली हाथियों का दल उनके भी गांव में दस्तक दे सकता है। ग्राम छोटे डूमरपाली में जंगली हाथियों के आने की सूचना तत्काल आसपास के गांव वालों को लग गई और फिर जहां कुछ लोग अपने अपने घरों में ही दुबक गए वही कुछ लोग अपने अपने परिजनों के घर आने तक डरे सहमे रहे।

 

गांव के युवा नवीन दर्शन ने काका जी डॉट कॉम को बताया कि जंगली हाथियों के द्वारा गांव में किसी प्रकार की कोई नुकसानी नही की गई है। जंगली हाथियों की संख्या करीब 10 के आसपास है और अभी भी खरसिया के चोढा क्षेत्र में विचरण कर रहे हैं। गांव में जंगली हाथियों के आने की जानकारी वन विभाग को दे दी गई है। आशंका जताई जा रही है जंगली हाथियों का यह दल ऐडु की तरफ से नवागांव, झिठीपाली, पामगढ़ होते हुए ग्राम छोटे डूमरपाली तक पहुंचा था और सुबह बड़े डूमरपाली की सीमा तक आ पहुंचा था। गांव में जंगली हाथियों की आमद के बाद गांव गांव में मुनादी कराकर लोगों को जंगली हाथियों की जानकारी देते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई।

Related Posts