साइबर ठग ने पति का परिचित बनकर हड़ोदा कलां निवासी एक महिला से 12 हजार की ठगी कर डाली। महिला का आरोप है कि पहले आरोपी ने उसके खाते में रुपये डालने के तीन फर्जी मैसेज भेजे और इसके बाद दो ट्रांजेक्शन के जरिये उससे अपने खाते में 12 हजार रपये डलवा लिए। महिला की शिकायत पर दादरी साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में हड़ोदा कलां निवासी मनजीत कुमार ने बताया कि 9 नवंबर को उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले शख्स ने बताया कि वो मनजीत के पति का परिचित है। इसके बाद उक्त शख्स ने मनजीत कुमारी के मोबाइल पर एक रुपये और 35-35 हजार रुपये खाते में डालने के दो मैसेजे भेजे। इसके बाद आरोपी ने कहा कि 12 हजार रुपये गलती से ज्यादा डाल दिए है। इस पर मनजीत कुमार ने दो और 10 हजार की दो ट्रांजेक्शन के जरिये 12 हजार रुपये उक्त शख्स के खाते में डाल दिए। इसके बाद जब मनजीत ने अपना खाता संभाला तो उसके खाते में 70001 रुपये जमा नहीं मिले।
मनजीत ने बताया कि उसने उक्त नंबर पर कॉल कर उसके रुपये लौटाने की बात कही तो उक्त शख्स ने मना कर दिया। कुछ दिन इंतजार करने के बाद मनजीत कुमारी ने इसकी शिकायत साइबर थाना पुलिस को दी जिसके आधार पर पुलिस ने अब केस दर्ज कर लिया है।
