आजकल बालों से संबंधित कई तरह की समस्याएं कम उम्र में ही लोगों को होने लगी हैं। रूखे व बेजान बाल, बालों का झड़ना, उम्र से पहले गंजापन, बालों का सफेद होना आदि कई तरह की समस्याओं से लोग जूझते हैं। पहले ये परेशानी उम्र बढ़ने के साथ बुजुर्गों में देखने को मिलती थी लेकिन अब किशोर और युवा में भी नजर आती है। इसके कई कारण हो सकते हैं, जैसे मौसम में बदलाव, गलत लाइफस्टाइल, खान-पान में पोषण की कमी, तनाव या किसी तरह की कोई स्वास्थ्य समस्या और अलग-अलग तरह के केमिकल युक्त प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल। हालांकि कम उम्र में गंजापन लोगों के लिए बेहद शर्मसार करने वाली समस्या बन जाती है। ऐसे में अगर आप को भी बाल झड़ने के शुरुआती लक्षण दिखने लगे तो अपनी जीवनशैली में कुछ बदलाव लाकर इसे रोका जा सकता है। खान पान पर विशेष ध्यान दें। वहीं गंजेपन या बाल झड़ने की समस्या से निजात पाने के लिए नियमित योगासन का अभ्यास भी कर सकते हैं।
अधोमुख आसन
बालों के विकास के लिए यह सबसे अच्छा आसन माना जाता है। इस आसन के अभ्यास से सिर के भागों में ब्लड सर्कुलेशन को बढ़ावा मिलता है, जिससे हेयर फाॅलिकल्स को पोषण मिलता है। इस आसन के कई अन्य लाभ भी है।
अधोमुख आसन के अभ्यास का तरीका
सबसे पहले मैट बिछाकर पेट के बल लेट जाएं। अब सांस को खींचते हुए हाथ और पैरों पर बल देते हुए शरीर को ऊपर उठाएं। सिर को नीचे की ओर और शरीर को वी की आकृति में लाएं। ध्यान रखें कि घुटने व कोहनियां एकदम सीधे हो और कंधे व हाथ एक सीध में रहें। सिर को इस तरह रखें जैसे इस मुद्रा में आपकी आंखें नाभि को देख रही हो। कुछ देर इसी अवस्था में रहें फिर पुन: साधारण अवस्था में वापस आ जाएं।
वज्रासन
बालों को झड़ने से रोकने और अच्छी ग्रोथ के लिए वज्रासन एक सरल योगासन है, जिसे नियमित रूप से और सही तरीके से करने पर सिर पर असर दिखने लग सकता है। इस आसन के अभ्यास से स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है। हेयर फॉलिकल्स में मदद करता है और कब्ज से भी छुटकारा दिलाने में मदद करता है।
वज्रासन के अभ्यास का तरीका
वज्रासन के अभ्यास के लिए घुटनों को मोड़कर पंजों के बल सीधा बैठ जाएं। अब दोनों पैरों के अंगूठे आपस में मिलाकर एड़ियों को थोड़ी दूरी पर रखें। शरीर का सारा भार पैरों पर रखते हुए दोनों हाथों को जांघों पर रखें। अब कमर से ऊपर का हिस्सा बिल्कुल सीधा रखते हुए कुछ देर इसी अवस्था में बैठकर लंबी सांस लें।
ध्यान रखें कि जोड़ों में दर्द हो या गठिया की दिक्कत हो तो इस आसन को न करें।
