फिर दस्तक दे रहा पश्चिमी विक्षोभ, जानिए कैसा रहेगा आपके शहर के मौसम का मिजाज

by Kakajee News

नई दिल्‍ली। देश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। हाल के दिनों में ठंड थोड़ी कम होने के बाद लोगों ने उम्मीद जताई थी कि शायद अब ठंड विदा लेने वाली है, लेकिन मौसम विभाग ने बताया है कि एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके चलते आने वाले कुछ दिनों में उत्तर भारत में फिर मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। मौसम विभाग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्‍तराखंड के उत्‍तरी इलाकों में 14 से 16 फरवरी के बीच बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं निजी एजेंसी स्‍काईमेट वेदर ने बताया है कि फरवरी के आखिरी हफ्ते में उत्‍तराखंड में तेज बर्फबारी होने की आशंका है। राष्ट्रीय राजधानी में हल्के बादलों के चलते मौसम गर्म है और कोहरे जैसी स्थिति बनी रह सकती है।

मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित इन राज्यों में होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु में 16 से 20 फरवरी के बीच बारिश हो सकती है। मौमस में बदलाव के चलते पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र सक्रिय हो सकता है। दिल्‍ली में हल्के बादल देखने को मिल सकते हैं लेकिन 20 फरवरी से पहले NCR के इलाकों में बारिश का अनुमान नहीं है। वहीं उत्‍तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। इस हफ्ते कुछ स्थानों पर हल्‍का कोहरा छाया रह सकता है और ठंड बढ़ सकती है। राजधानी दिल्ली में आज सुबह की बात करें तो कोहरा छाए रहने से विज़िबिलिटी काफी कम हुई। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

14 से 16 फरवरी के बीच बारिश की संभावना
मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट में कहा गया है कि उत्‍तराखंड के उत्‍तरी इलाकों में 14 से 16 फरवरी के बीच हल्‍की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। 13 फरवरी तक देश के अधिकांश इलाकों समेत राज्‍य में मौसम आमतौर पर शुष्‍क बना रहेगा लेकिन 14 फरवरी से मौसम में बदलाव आएगा और बारिश की शुरुआत हो सकती है। विशेषकर हाल ही में जहां उत्‍तराखंड के चमोली जिले में ग्लेशियर फटने की घटना हुई थी वहां 14 फरवरी से हल्‍की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग की मानें तो 16 फरवरी तक जिले में ऐसा ही मौसम रहेगा।

तपोवन और जोशीमठ में भी बिगड़ेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर कहा है कि उत्‍तराखंड के तपोवन और जोशीमठ के इलाके में 13 फरवरी से मौसम में बदलाव दिखाई देगा। 14 फरवरी से तपोवन और जोशीमठ के इलाके में हल्‍की बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग की मानें तो 16 फरवरी तक तपोवन और जोशीमठ के इलाकों में बारिश और बर्फबारी की स्थितियां बनी रहेंगे।

Related Posts

Leave a Comment